जनरल मोटर्स ने कहा है कि वह अपनी फुल ऑटोनॉमस क्रूज ओरिजिन वैन के उत्पादन को अस्थायी रूप से रोकने की योजना बना रही है। इसके कुछ ही दिन पहले यूनिट ने कहा था कि वह सभी ड्राइवरलेस (चालक रहित) परिचालन को रोक रही है।
इस फैसले की रिपोर्ट सबसे पहले फोर्ब्स ने ऑल-हैंड मीटिंग में क्रूज के सीईओ काइल वोग्ट के संबोधन के एक ऑडियो का हवाला देते हुए दी थी।
फोर्ब्स के अनुसार, वोग्ट ने बैठक के दौरान कर्मचारियों को बताया कि कंपनी ने पहले ही सैकड़ों ओरिजिन वाहनों का उत्पादन किया है। और यह "निकट अवधि के लिए पर्याप्त से अधिक है जब हम चीजों को फिर से बढ़ाने के लिए तैयार होंगे।"
जीएम के एक प्रवक्ता ने मीडिया को बताया, "हम कम संख्या में प्री-कमर्शियल वाहनों का उत्पादन खत्म कर रहे हैं। और उसके बाद अस्थायी रूप से उत्पादन रोकने की योजना बना रहे हैं।"
प्रवक्ता ने कहा, "हमारा मानना है कि ऑटोनॉमस वाहन दुनिया भर में लोगों के घूमने के तरीके को बदल देंगे और ओरिजिन एवी यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।"
Self-Driving Vehicle
- फोटो : Social Media
जनरल मोटर्स की चालक रहित कार यूनिट क्रूज ने पिछले महीने कहा था कि कैलिफोर्निया के नियामकों द्वारा रोबोटैक्सी ऑपरेटर के लाइसेंस को निलंबित करने के बाद वह देश भर में परिचालन बंद कर देगी। क्योंकि सेल्फ-ड्राइविंग वाहन जनता के लिए जोखिम थे।
फरवरी 2022 में क्रूज ने अमेरिकी नियामकों से याचिका दायर कर स्टीयरिंग व्हील जैसे मानव नियंत्रण के बिना सालाना 2,500 सेल्फ-ड्राइविंग ओरिजिन वाहनों को तैनात करने की अनुमति मांगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन ने जुलाई में कहा था कि उसे "कुछ हफ्तों" में याचिका पर फैसला लेने की उम्मीद है। लेकिन पिछले महीने दिसंबर में जांच शुरू होने के बाद क्रूज पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सावधानी बरत रहा है या नहीं, इसकी एक नई जांच शुरू हुई जो अभी भी जारी है।
डेट्रॉइट में निर्मित क्रूज ओरिजिन वाहन, जीएम, क्रूज और होंडा द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया था।
कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि क्रूज के बोर्ड ने 2 अक्तूबर की दुर्घटना की जांच कर रहे नियामकों के लिए लॉ फर्म क्विन एमानुएल को नियुक्त किया है। यह क्रूज प्रबंधन की प्रतिक्रियाओं की समीक्षा करेगा। साथ ही क्रूज की टेक्नोलॉजी की समीक्षा करने के लिए टेक्नोलॉजी कंस्लटेंसी एक्सपोनेंट को नियुक्त किया है।