बाजार में इलेक्ट्रिक कार और हाइब्रिड कार के विकल्प मौजूद हैं। काफी लोग इन दोनों ऑप्शन को लेकर दुविधा में आ जाते हैं। हाइब्रिड कार में आईसीई इंजन के साथ बैटरी का विकल्प भी मिलता है। वहीं, पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कार में सिर्फ बैटरी ही दी गई होती है।
अगर आप नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने जा रहे हैं तो कार कितनी रेंज देती है, इसके बारे में जानकारी जरूर हासिल करें। अगर आपने जल्दबाजी में कम रेंज वाली कार खरीद ली तो आपको बाद में परेशानी हो सकती है। ऐसे में कार एक बार फुल चार्ज होने के बाद कितनी दूरी तय कर सकती है, इसकी जानकारी आपको होनी चाहिए।
इलेक्ट्रिक कार पूरी तरह से बैटरी पर निर्भर होती है। ऐसे में कार लेने से पहले उसकी बैटरी की क्षमता और गुणवत्ता के बारे में पता करें या फिर जानकारी हासिल करें। अगर बैटरी कम वाट की है तो कार की रेंज भी कम होगी। ऐसे में आपको बाद में परेशानी न हो, इसलिए पहली ही इसकी सही से पुष्टि कर लें।
आपने कई मामले देखें या सुने होंगे कि इलेक्ट्रिक कार की बैटरी में आग लग गई। ऐसे में बैटरी की वारंटी के बारे में जरूर पूछे। इलेक्ट्रिक कार में आग लगने की एक वजह बैटरी की खराब गुणवत्ता भी होती है। इसके साथ ही कार में मिलने वाले सेफ्टी फीचर्स के बारे में भी जानकारी लेनी चाहिए। अगर कार में बेहतर सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं तो कार में बैठे लोग सुरक्षित रहेंगे।
इलेक्ट्रिक कार की टॉप स्पीड कितनी है, इसकी भी जानकारी होनी चाहिए। ईंधन वाली कार के मुकाबले इलेक्ट्रिक कार की टॉप स्पीड कम हो सकती है, मगर बहुत कम होने पर ड्राइविंग के दौरान आपको दिक्कत हो सकती है।