फोर्ड एंडेवर भारत में लोगों को इसलिए पसंद आई क्योंकि इसका दबंग आकार सड़क पर इसे दूसरे वाहनों से अलग करता था। लेकिन पुरानी एंडेवर महज एक ऑफरोडिंग वाहन के रूप में ही लोगों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ पाई थी। मुझे याद है पहली बार मैंने पुरानी एंडेवर से दिल्ली से अयोध्या तक के 720 किलोमीटर तक की ड्राइव की थी। भले ही लोगों ने एंडेवर की बहुत सी तारीफ की थी लेकिन मुझे इसकी ड्राइव बहुत महंगी पड़ी। मैंने इसके ऑफरोडिंग योग्यता पर कभी सवाल नहीं उठाया लेकिन हमेशा दिल में एक ख्वाहिश थी अगर यह कार फ्यूल एफीसिएंट हो जाए तो मजा आ जाए। समय बीता और फोर्ड ने इस गाड़ी का एक नया रूप प्रदान किया और एक पूरी तरह से नई फोर्ड एंडेवर लॉन्च हुई। 2016 में लॉन्च हुई इस कार को लोगों की खूब वाहवाही मिली और मेरी वह मुराद भी पूरी हुई जो मैंने फीडबैक के तौर पर लोगों को बताई थी। अब एंडेवर न सिर्फ एक सक्षम एसयूवी है बल्कि एक सक्षम सिटी कार भी है। हमने इस कार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर चलाया आइए आपको भी इसकी ड्राइव पर ले चलते हैं और बताते हैं कि चलाने में यह कैसी है।
बाहर से दिखने में
नई फोर्ड एंडेवर
- फोटो : Ford India
फोर्ड एंडेवर बाहर से एक बड़ी एसयूवी लगती है लेकिन अपने आकार को इसने अपने परफॉर्मेंस पर हावी नहीं होने देती। इसमें दिए गए बड़े व्हील आर्च, सुंदरता से डिजाइन किया गया बड़ा बोनट इसे अन्य एसयूवी से एक अलग छवि प्रदान करते हैं। इसकी मजबूती व डिजाइन भाषा एक सशक्त एसयूवी का अंदाज देती है। बड़े ट्विन स्लैट क्रोम ग्रिल के साथ दिए गए प्रोजक्टर हेडलैंप लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। पर ऊपरी डिजाइन में इस बात का ध्यान रखा गया है कि कार चलने के दौरान हवा का कोई भी दबाव इसके रास्ते में रोड़ा न बने। पुरानी एंडेवर व नई एंडेवर में यह बहुत बड़ा फर्क है। इसका ऐरोडायनेमिक इस तरह से है कि कोई हवा इस पर रुकती नहीं है बल्कि अपने आप प्रवाह के साथ बहती रहती है। ड्राइविंग सीट पर बैठे ड्राइवर की रियर विजिविलिटी एकदम प्रभावित नहीं होती। 225 मिलीमीटर ग्राउंड क्लीयरेंस, 1837 मिलीमीटर ऊंचाई और 4892 मिलीमीटर लंबाई के बावजूद यह एसयूवी अपनी ड्राइविंग छवि से फुर्ती का अंदाज नहीं जाने देती। मुंबई के भारी यातायात में मैं तकरीबन तीन घंटे फंसा रहा पर मुझे ऐसा कभी लगा ही नहीं कि मैं एक बड़ी एसयूवी चला रहा हूं। बंपर टू बंपर यातायात में इसका ऑटोमेटिक बहुत राहत देता है।
इंटीरियर पर एक नजर
नई फोर्ड एंडेवर
- फोटो : Amit Dwivedi
7 लोग आराम से इस एसयूवी में बैठ सकते हैं लेकिन एक दो यात्री और इसमें अडजस्ट करना पड़े तो ज्यादा मुश्किल नहीं आती। कई बार ऐसा हो जाता है कि कार से ज्यादा लोग होने पर किसी तरह से लोग अडजस्ट कर लेते हैं, तो यह कार बिना कोई शिकायत किए आपको अडजस्ट कर लेगी। एक इलेक्ट्रिक बटन को दबाकर आप इसकी तीसरी पंक्ति को आराम से फोल्ड कर सकते हैं और इसमें अपना सामान लाद सकते हैं। इसकी सीटें बेहद आरामदायक हैं तथा पीछे बैठे यात्रियों की सहूलियत के लिए एसी वेंट दिए गए हैं जिसे पीछे बैठे पैसेंजर अपने हिसाब से मैनेज कर सकते हैं। 3 स्पोक एलॉय व्हील पर क्रूज, ऑडियो माउंटेड कंट्रोल व वेहिकल इंफॉर्मेशन हासिल करने के लिए जरूरी बटन दिए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें 7 एयरबैग दिए गए हैं साथ ही एक इलेक्ट्रिक सनरूफ भी है। इसके सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धी टोयोटा फॉर्चूनर में सनरूफ नहीं दिया गया है। फोर्ड सिंक के जरिए आप अपने स्मार्टफोन को आसानी से कनेक्ट कर सकते हैं। ड्राइवर सीट को आराम के हिसाब से लगभग 8 तरह से अडजस्ट भी किया जा सकता है। टैबलेट के जैसे दिए गए इंफोटेनमेंट सिस्टम का उपयोग आप रास्ता देखने के लिए भी कर सकते हैं साथ ही इसमें दिया गया रिवर्स कैमरा गाड़ी को पार्क करते समय शानदार विजिविलिटी प्रदान करता है। बिना किसी ब्रेक के लगभग 300 किलोमीटर की ड्राइविंग में मुझे इसका इंटीरियर काफी सुकून देने वाला लगा।
टिरेन मैनेजमेंट सिस्टम
टिरेन मैनेजमेंट सिस्टम
- फोटो : Ford India
एंडेवर को एक कैपेबल ऑफरोडिंग वेहिकल के रूप में भी जाना जाता है। अगर आप पहाड़ी रास्ते पर ड्राइव कर रहे हैं या फिर कीचड़ भरे रास्ते या रेगिस्तान से होकर गुजर रहे हैं तो इसके लिए खासतौर पर आपको इस एसयूवी में तीन मोड मिलेंगे। सैंड मोड, स्नो/मड और रॉक मोड दिए गए हैं। आपके सामने जिस तरह की परिस्थिति हो उसके अनुसार आप मोड चुन लीजिए और मुश्किल से निकल जाइए। इन सारे मोडों का प्रयोग मैंने अपनी ऑफरोडिंग के दौरान किया था। अपने इस सिस्टम को फोर्ड ने टिरेन मैनेजमेंट सिस्टम का नाम दिया है।
ऑटोमेटिक गियर बॉक्स का फायदा
नई फोर्ड एंडेवर
- फोटो : Ford India
फोर्ड एंडेवर के दोनों वेरिएंट में फोर व्हील ड्राइव के साथ ऑटोमेटिक गियर बॉक्स दिया गया है। नई एंडेवर में मौजूदा मॉडल की तुलना में बेहतर सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसमें सनरूफ और हिल डिसेंट जैसे फीचर भी दिए गए हैं। इसका सबसे ज्यादा मजा मुझे पहाड़ी रास्ते पर आया जब मैं लोनावला घाट पर तीव्र मोड़ काट रहा था। सीधी चढ़ाई पर ऑटोमेटिक ट्रांसमिसन काफी मददगार साबित होती है। लगभग 50 लीटर डीजल खर्च करके मैंने लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय की, इससे साफ पता चलता है कि उत्साही ड्राइव पर आपको लगभग 8 किमीप्रली से ज्यादा माइलेज नहीं मिलने वाला है। पहाड़ी रास्तों पर ओवरटेकिंग के साथ ही यह एसयूवी अपनी लाइन को बखूबी मेनटेन कर रही थी। तेज कट लेने के बावजूद इसके टायर फिसले नहीं और न ही उनमें से कोई चीखने की आवाज आई।
फीचर्स का तड़का
नई फोर्ड एंडेवर
- फोटो : Ford India
नई फोर्ड एंडेवर में प्रोजक्टर हैडलैंप, बोल्ड बंपर, डे-टाइम रनिंग लाइट और एलईडी फॉग लैंप जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें एलईडी लैंप, मल्टी फंक्शन डिस्प्ले, रिमोट की एंट्री, पावर विंडो, एंटी पिंच, रियर पार्किंग सेंसर, रेन सेंसिंग वाइपर, डुअल-जोन एसी, क्लाइमेट कंट्रोल, पावर फोल्डिंग थर्ड रो सीट और टेरेन मैनेजमेंट सिस्टम जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। ये वो फीचर हैं जो नई एंडेवर को पुरानी एंडेवर से ही नहीं बल्कि इसकी अन्य प्रतिस्पर्धी कारों की तुलना में भी काफी आगे लेकर जाते हैं।
चलते-चलते
नई फोर्ड एंडेवर
- फोटो : Ford India
मैंने जो एंडेवर चलाई वह थी 4*4 3.2 टाइटेनियम एटी जिसकी दिल्ली में एक्सशोरूम कीमत 30.89 लाख रुपये एक्स शोरूम दिल्ली है। नई एंडेवर को कंपनी ने नए फीचर्स और आकर्षक डिजाइन के साथ बाजार में उतारा है। इस कार को लॉन्च हुए अब लगभग एक साल का वक्त हो चुका है इसके बावजूद अभी इसका आकर्षण कायम है। एंडेवर को केटी 6 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। नई एंडेवर पहले के मुकाबले ज्यादा पावरफुल और डायनेमिक है। कंपनी इसमें दो इंजन ऑप्शन दे रही है, 160 बीएचपी पावर वाला 2.2 लीटर डीजल इंजन और 200 बीएचपी पावर वाला 3.2 लीटर इंजन, ये दोनों ही विकल्प डीजल में उपलब्ध हैं। अपने सेगमेंट में इस कार का सीधा मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर और हुंडई सेंटाफे व जीएम की ट्रेलब्लेजर जैसी एसयूवी से है।
तकनीकि जानकारी
नई फोर्ड एंडेवर
- फोटो : Ford India
इंजन 3198 सीसी
शक्ति 200पीएस@3000 आरपीएम
टॉर्क 470एनएम@1750-2500 आरपीएम
ट्रांसमिशन 6 स्पीड एटी
ड्राइवलाइन 4*4
टायर 265/60 आर18 एलॉय
कुल स्पीकर 10
लंबाई 4892 मिलीमीटर
चौड़ाई 1860 मिलीमीटर
ऊंचाई 1837 मिलीमीटर
ग्राउंड क्लीयरेंस 225 मिलीमीटर
व्हीलबेस 2850 मिलीमीटर
टैंक क्षमता 80 लीटर
कीमत 30.89 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली