अगर आपने अभी तक अपने वाहन का सर्विस मेन्युअल सही से नहीं पढ़ा है तो आपको एक बार उस पर गौर करना चाहिए। जी हां, वाहन के सर्विस मेन्युअल में वाहन को किस समय पर सर्विस की जरूरत पड़ेगी और कितने अंतराल के बाद वाहन की सर्विस करवानी होती है, इस बारे में सारी जानकारी होती है। इस तरह से आपको कार या बाइक के बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी और आपके पैसों के साथ समय की भी बचत होगी।
अक्सर लोग नया वाहन खरीदने के बाद उसकी सर्विस हिस्ट्री का रिकॉर्ड नहीं रखते हैं। ऐसे में अधिकतर लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती है कि उन्होंने वाहन की सर्विस अंतिम बार कब करवाई थी। इस वजह से लोगों को अपने समय के साथ पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में अगर आप वाहन की सर्विस हिस्ट्री का सही रिकॉर्ड अपने पास रखेंगे तो इससे आपको वाहन के बारे में सारी जानकारी होगी कि किस समय पर कौन सा पार्ट बदला गया।
अगर आप बार-बार अपने वाहन की सर्विस करवा रहे हैं तो आपको एक बात पर ध्यान देने की जरूरत है। वाहन की सर्विस करवाने से पहले सर्विस सेंटर के बारे में सारी जानकारी हासिल कर लें। दरअसल, काफी लोग अनधिकृत सर्विस सेंटर से अपने वाहन की सर्विस करवाते हैं। इस वजह से जल्दी-जल्दी वाहन की सर्विस करवानी पड़ती है। ऐसे में हमेशा वाहन को कंपनी द्वारा निर्धारित किए गए सर्विस सेंटर से ही वाहन की सर्विस करवाएं।
आज के समय में लोगों के पास समय की कमी हो गई है। लोगों को हर काम में इतनी जल्दी रहती है कि वह कार की सर्विस के बाद सही ढंग से उसकी जांच भी नहीं करते हैं। लोगों की जरा सी लापरवाही की वजह से बाद में नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में जब भी वाहन की सर्विस करवाएं तो उसी समय पर वाहन की टेस्ट ड्राइव जरूर लें, ताकि कोई दिक्कत होने पर तुरंत ही उसे ठीक करवाया जा सकें।