चीन की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी BYD ने भारत में अपनी ऑल-न्यू इलेक्ट्रिक MPV (मल्टी-पर्पज व्हीकल) e6 लॉन्च की है। वाहन निर्माता ने भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक एमपीवी BYD e6 की एक्स-शोरूम कीमत 29.6 लाख रुपये तय की है। इसके साथ ही एक 7 kW चार्जर ऑप्शन के रूप में उपलब्ध है जिसकी कीमत 45,000 रुपये है।
कार निर्माता ने कहा कि नई लॉन्च की गई एमपीवी एक यात्री वाहन के रूप में बिक्री के लिए नहीं होगी, बल्कि भारतीय बी2बी सेगमेंट के लिए होगी। BYD साल 2007 से भारत में मौजूद है। चेन्नई में स्थित, BYD की भारत में दो प्लांट हैं, जहां वह इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों का निर्माण करती हैं। इसके अलावा कंपनी मोबाइल कंपोनेंट्स, सोलर पैनलों, बैटरी एनर्जी स्टोरेज और बहुत कुछ मैन्युफेक्चर करती है।
पावर और टॉप स्पीड
BYD e6 Electric MPV
- फोटो : Team-BHP
ड्राइविंग रेंज
BYD e6 एक 71.7 kWh ब्लेड बैटरी का इस्तेमाल करती है। कंपनी का दावा है कि शहर के ड्राइविंग हालात के मुताबिक यह कार एक बार फुल चार्जिंग के बाद 520 किलोमीटर (WLTC साइकिल) की अधिकतम दूरी तय कर सकती है। कार की बैटरी एक 70 kWh इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देती है जो 180 Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। कार की टॉप स्पीड 130 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बैटरी चार्जिंग
कंपनी का दावा है कि डीसी फास्ट चार्जर से बैटरी को 35 मिनट के भीतर 30 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। BYD का कहना है कि इलेक्ट्रिक MPV e6 को AC और DC दोनों फास्ट चार्जिंग सुविधाओं के जरिए चार्ज किया जा सकता है।
फीचर्स और मुकाबला
BYD e6 Electric MPV
- फोटो : Team-BHP
BYD e6 टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 6-वे एडजस्टेबल ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर सीट और लेदर अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर्स के साथ आती है। इस समय, भारत में MPV सेगमेंट में Maruti Ertiga, Toyota Innova Crysta, Renault Triber और Mahindra Marazzo का दबदबा है। भारतीय कार बाजार में यह इन कारों को टक्कर देगी।
इन शहरों में मिलेगी
BYD ने बताया है कि नई e6 इलेक्ट्रिक MPV प्रमुख मेट्रो शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बंगलूरू और हैदराबाद के अलावा विजयवाड़ा, अहमदाबाद और कोच्चि जैसे अन्य शहरों में उपलब्ध होगी।
वारंटी
BYD e6 पर 3 साल या 1.25 लाख किलोमीटर की वारंटी, 8 साल या 5 लाख किलोमीटर की बैटरी सेल वारंटी और 8 साल या 1.5 लाख किलोमीटर की ट्रैक्शन मोटर वारंटी, जो भी पहले हो, की पेशकश की जाती है।