मोटरसाइकिल की बॉडी को सही रखने के लिए उसे नियमित तौर पर साफ करना जरूरी है। अक्सर बाइक पर धूल-मिट्टी जम जाती है, और कई बार कुछ स्क्रैच भी पड़ जाते हैं। ऐसे में घर पर ही पॉलिश करके बाइक को नया जैसा किया जा सकता है।
बाइक की बैटरी इलेक्ट्रिकल पार्ट्स जैसे- हैडलैंप और टेललैंप आदि के लिए काफी जरूरी होती है। ऐसे में बैटरी को समय-समय पर चेक करें। टर्मिनल को साफ-सुथरा रखें और अगर बैटरी में पानी का स्तर कम हो गया हो तो उसमें डिस्टिल्ड वाटर का ही इस्तेमाल करें।
बाइक के ब्रेक काफी महत्वपूर्ण होते हैं। ब्रेक पैड्स की नियमित तौर पर जांच करें, अगर वो घिस गए हैं तो उन्हें बदलना सही रहेगा। ब्रेक पैड्स को घर पर ही कुछ टूल्स की मदद से बदला जा सकता है। मोटरसाइकिल के टायरों की कंडीशन सही होनी चाहिए। टायर प्रेशर की जांच करें और अगर टायरों में एयर प्रेशर कम हो तो इसके स्तर को पूरा करें। टायर प्रेशर चेक करने के लिए किसी पास के पेट्रोल पंप पर जा सकते हैं।
बाइक की चेन में अक्सर काफी गंदगी जमा हो जाती है। ऐसे में बाइक की चेन को साफ करें और इसके लुब्रिकेट यानी ग्रीस करें। इसके लिए एक पुराने ब्रश और लुब्रिकेट क्लीनर की जरूरत होगी।
मोटरसाइकिल का एयर फिल्टर इंजन तक साफ हवा पहुंचाने का काम करता है। अगर इसमें गंदगी जमा हो जाए तो इंजन की क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में इसके गंदा होने पर इसे बदल देना चाहिए। एयर फिल्टर को आसानी से घर पर ही बदला जा सकता है।
बाइक का इंजन ऑयल परफॉर्मेस के लिए काफी जिम्मेदार होता है। ऐसे में इसकी नियमित जांच जरूरी है, अगर इंजन ऑयल गंदा हो गया है या फिर इंजन ऑयल काफी पुराना हो गया है तो इसे बदलना जरूरी है। इसके साथ ही इंजन ऑयल का स्तर भी सही होना चाहिए। वरना बाइक की माइलेज पर बुरा असर पड़ता है। इंजन ऑयल को आसानी से घर पर ही बदला जा सकता है।