स्वीडन की लक्जरी कार निर्माता Volvo Car India (वॉल्वो कार इंडिया) ने गुरूवार को अपने 24x7 कस्टमर सपोर्ट सर्विस की शुरुआत का एलान किया। टोल फ्री नंबर 18001029100 पर कस्टमर रिलेशंस सेंटर (सीआरसी) से संपर्क किया जा सकेगा। यहां वॉल्वो के ग्राहकों के लिए कस्टमर सर्विस, समस्याओं को सुलझाने और रोडसाइड असिस्टेंस की सुविधा दी जाएगी। यह सेंटर इस मामले में भी अनूठा है, क्योंकि भारत एशिया पैसिफिक में वॉल्वो के संचालन वाले देशों में इकलौता देश है, जहां दिन के हर समय कस्टमर सपोर्ट की सुविधा मिलेगी।
वॉल्वो कार इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर ज्योति मल्होत्रा ने कहा, "हमें गर्व है कि हम ग्राहकों को केंद्र में रखकर संचालन करने वाली कंपनी हैं और ग्राहकों की संतुष्टि की दिशा में यह हमारा एक और कदम है। कंज्यूमर रिलेशन सेंटर से ब्रांड में ग्राहकों का भरोसा मजबूत होता है और उनके मन में यह विश्वास रहता है कि कंपनी से किसी भी समय वाहन से जुड़ी किसी समस्या के लिए संपर्क किया जा सकता है। हम भारतीय बाजार में विस्तार के लिए प्रतिबद्ध हैं और ग्राहकों को केंद्र में रखने वाली अन्य पहल में भी निवेश जारी रखेंगे।"
Volvo S60
- फोटो : Volvo
कंपनी ने ग्राहकों की सुरक्षा एवं ऑनलाइन खरीद को प्रोत्साहित करने के लिए पिछले 12 महीने में वॉल्वो कॉन्टेक्टलेस प्रोग्राम समेत कई ग्राहक केंद्रित पहल शुरू की हैं। वॉल्वो कार इंडिया ग्राहकों की सहूलियत के लिए नवीनतम टेक्नोलॉजी लाने की दिशा में प्रतिबद्ध है।
भारत में वॉल्वो कार्स
स्वीडन की लक्जरी कार कंपनी वॉल्वो ने भारत में अपनी उपस्थिति 2007 में दर्ज कराई थी और तभी से देश में स्वीडिश ब्रांड का तेजी से प्रसार किया है। वॉल्वो कार्स इस समय अहमदाबाद, बंगलूरू, चंडीगढ़, चेन्नई, कोयंबटूर, दिल्ली एनसीआर (दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, गुरुग्राम), हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, कोच्चि, कोझिकोड, कोलकाता, लखनऊ, लुधियाना, पश्चिम मुंबई, दक्षिण मुंबई, पुणे, रायपुर, सूरत, विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा में अपनी 25 डीलरशिप के जरिए अपने उत्पादों की मार्केटिंग करती है।