MG Astor SUV Features : MG Motor India ने हाल ही में भारत में अपनी आने वाली कॉम्पैक्ट SUV MG Astor (एमजी एस्टर) का टीजर जारी किया है और कार के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित फीचर्स की जानकारी भी साझा की है। अब जबकि ऑटोमेकर ने एमजी एस्टर के बारे में टीजर जारी करना और बात करना शुरू कर दिया है, तो इसका मतलब है कि कार का बाजार में आना बहुत दूर नहीं है। MG Motor India ने हालांकि अभी तक MG Astor SUV के देश में लॉन्च होने की तारीख के बारे में कुछ नहीं कहा है। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपनी अपकमिंग एसयूवी को सितंबर में भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
एमजी मोटर इंडिया ने इंडस्ट्री फर्स्ट फीचर के तौर पर पर्सनल AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) एसिस्टेंट और सेगमेंट में पहली बार मिलने वाले फीचर ऑटोनॉमस लेवल 2 टेक्नोलॉजी को पेश किया। यह एसयूवी सीएएपी (एक प्लेटफॉर्म के रूप में कार के कॉन्सेप्ट) पर आधारित होगी। यह प्लेटफॉर्म (सीएएपी) सॉफ्टवेयर मशीन लर्निंग, ब्लॉकचैन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित कई टेक्नोलॉजी को पेश करता है।
MG की सबसे किफायती कार
MG Astor Rear
- फोटो : For Reference Only
अपकमिंग Astor देश में MG की सबसे किफायती कार होगी। इसके अलावा, यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी से लैस भारत में सबसे सस्ती कारों में से एक होगी। एमजी एस्टर कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में एंट्री कर रही है जहां वह Hyundai Creta (ह्यूंदै क्रेटा) और Kia Seltos (किआ सेल्टोस), Skoda Kushaq (स्कोडा कुशाक) और अपकमिंग Volkswagen Taigun (फॉक्सवैगन ताइगुन) जैसे प्रतिद्वंद्वियों को सीधी टक्कर देगी। यहां हम आपको बता रहे हैं MG Astor एसयूवी में मिलने वाले ऐसे 5 खास फीचर्स, जो ह्यूंदै क्रेटा में भी नहीं मिलते हैं।
पर्सनल AI एसिस्टेंट
MG ZS or MG Astor
- फोटो : For Reference Only
कार के अंदर कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए, एमजी ने रीयल-टाइम इंफोटेनमेंट के साथ-साथ टेलीमैटिक्स तक पहुंचने के लिए कार के अंदर आईओटी टेक्नोलॉजी के साथ ई-सिम के जरिए 4 जी कनेक्टिविटी सूट प्रदान करने के लिए रिलायंस जियो के साथ हाथ मिलाया है। यानी इस कार में ऑर्टिफिशियल इंटिलिजेंस के लिए रिलायंस जियो IT सिस्टम उपलब्ध कराएगा। एमजी मोटर इंडिया भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में पहली बार अपनी कार में पर्सनल AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) एसिस्टेंट का फीचर उपलब्ध करा रही है। इस सिस्टम को अमेरिका की कंपनी स्टार डिजाइन ने तैयार किया है। AI सिस्टम में एक इंटरैक्टिव रोबोट दिया गया है जो चालक से बात कर सकता है। आई-स्मार्ट हब द्वारा संचालित, ह्यूमनॉइड इंसानों की तरह आवाजों और भावनाओं की नकल करने में सक्षम होगा। साथ ही यह हिंग्लिश भाषा और भारतीय लहजे को भी बखूबी समझेगा। बता दें कि, एस्टर एसयूवी ICE (इंटरनल कंब्शन इंजन) के तौर पर आएगी। यह कंपनी की लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार MG ZS EV (एमजी जेडएस ईवी) का पेट्रोल इंजन मॉडल होगा।
ऑटोनॉमस लेवल 2 टेक्नोलॉजी
ऑटोनॉमस लेवल 2 टेक्नोलॉजी वाहनों के लिए एक नया फीचर है। हालांकि मौजूदा समय में इसमें ड्राइवरलेस ड्राइविंग की सुविधा नहीं मिलती है। लेकिन इसके अलावा इसमें कई ऐसे फीचर्स मिलते हैं जो कार ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बदल कर रख देगा। इसमें फॉरवर्ड कोलिजन वॉर्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीपिंग असिस्ट, लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन, रियर ड्राइव असिस्ट (RDA), इंटेलिजेंट हेडलैंप कंट्रोल (IHC) और स्पीड असिस्ट सिस्टम जैसे कई शानदार फीचर्स मिलते हैं।
इन-कार सर्विसेज
एमजी ग्लोबली कई उभरती हुई टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम के साथ काम कर रही है। जिसमें एआई, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचैन और अन्य कई तकनीकी चीजें शामिल हैं। Astor अपने सेगमेंट में पहली कार होगी जिसे कोइनअर्थ से ब्लॉकचैन-प्रोटेक्टेड डिजिटल पासपोर्ट मिलेगा। ये सभी टेक्नोलॉजी CAAP के लिए समर्थन प्रणाली तैयार करेंगी और बढ़ती ऑन-डिमांड-इन-कार जरूरतों को पूरा करने के लिए सेवाओं और सब्सक्रिप्शन के डेवलेपमेंट और कार्यान्वयन को सक्षम करेंगी। MG Astor में जियो कनेक्शन, मैपमाईइंडिया जैसी कई सब्सक्रिप्शन सर्विसेज का ऑप्शन मिलेगा। इसके अलावा, Jio Saavn और Park+ कार में पहले से मौजूद होंगे।
360-डिग्री कैमरा
MG Astor एसयूवी में कंपनी 360-डिग्री कैमरा भी देगी। इसकी मदद से कार चालक को भारी ट्रैफिक के दौरान सड़क पर चारों ओर नजर रखने में मदद मिलेगी। यह फीचर ह्यूंदै क्रेटा में नहीं मिलता है। यह ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर की तरह भी काम करेगा, जिससे सुरक्षित ड्राइविंग का आनंद ले सकेंगे।
शानदार इंटीरियर
MG Astor एसयूवी कुल तीन अलग-अलग केबिन थीम के साथ उपलब्ध होगी। फिलहाल कंपनी ने सिर्फ डुअल-टोन संगरिया रेड ट्रिम पेश किया है। कंपनी एसयूवी के अन्य थीम को लॉन्चिंग के वक्त पेश करेगी। नए केबिन थीम कार के इंटीरियर को काफी प्रीमियम लुक और एहसास देते हैं।