2022 Maruti Suzuki Baleno Facelift: मारुति सुजुकी की आनेवाली अगली बड़ी पेशकश 2022 Maruti Suzuki Baleno facelift (2022 मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट) की तस्वीरें इंटनरेट पर लीक हो गई हैं। 2022 बलेनो का वर्ल्ड प्रीमियर अगले साल के लिए तय किया गया है। लीक हुई तस्वीरों से बलेनो फेसलिफ्ट के फाइनल डिजाइन और नई स्टाइलिंग का खुलासा हो गया है, जो भविष्य के मारुति सुजुकी मॉडल में देखा जाएगा।
इन लीक हुई तस्वीरों में जो मॉडल दिखाई दे रहा है, उससे पता चलता है कि फुल मॉडल में बदलाव की बजाए वर्तमान बलेनो में एक बड़ा अपडेट किया गया है। फ्रंट लुक की बात करें तो 2022 बलेनो के लगभग सभी बॉडी पैनल को रीडिजाइन किया गया है, जिससे कार पिछले मॉडल की तुलना में चौड़ी नजर आ रही है। लीक की गई तस्वीरें लोअर-स्पेक मॉडल की लगती हैं। यही वजह है कि इसमें क्रोम बिट्स के बजाय ज्यादा काले रंग का प्लास्टिक दिखाई देता है जो हायर वेरिएंट में दिया जाएगा। ऐसा लगता है कि कार में रियर विंडशील्ड के लिए फॉग लैंप या वाइपर या वॉशर नहीं है।
लुक और स्टाइल
नई बलेनो 2022 की स्टाइलिंग की बात करें तो, इसमें एल-शेप्ड रैपअराउंड हेडलैंप मिलते हैं जो कि वेरिएंट के आधार पर एलईडी डे-टाइम रनिंग लैंप और प्रोजेक्टर सेट-अप के साथ आएंगे। कार का हुड क्लैमशेल डिजाइन के साथ आएगा। नई डिजाइन की गई ग्रिल में "स्माइली लुक" है और अब यह बहुत बड़ा है। इसमें एक ब्रश एल्यूमीनियम आउटलाइन भी मिलती है जो इसके किनारों से फैली हुई है और हेडलैम्प के साथ बड़े करीने से मिलती है। फ्रंट बंपर में एक चौड़ा एयर डैम है जिसमें कॉन्ट्रास्ट ब्लैक प्लास्टिक इंसर्ट और हर कोने पर फॉग लैंप यूनिट के लिए दो अलग-अलग कम्पार्टमेंट हैं।
हालांकि नई बलेनो के साइड प्रोफाइल का खुलासा नहीं हुआ है, नई कार का डिजाइन कमोबेश इस समय बिकने वाली कार के जैसा ही होगा। कार के रियर लुक की बात करें तो 2022 बलेनो को एक नया टेलगेट डिजाइन, नए एल-आकार के टेल लैंप मिलते हैं जो अब टेलगेट और एक नए बंपर तक फैले हुए हैं।
कैसा है इंटीरियर
रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में नई बलेनो फेसलिफ्ट मॉडल के स्पाई शॉट्स सामने आए थे। इन तस्वीरों से पता चलता है कि कार में एक बिल्कुल नया इंटीरियर दिया गया है। 2022 बलेनो को पूरी तरह से नया डिजाइन किया गया डैशबोर्ड मिलेगा, जिसमें एसी वेंट अब वी-आकार के पैटर्न में हॉरिजन्टल रूप से रखे गए हैं। इसमें एक फ्री-स्टैंडिंग इंफोटेनमेंट स्क्रीन सेंटर में दी गई है, जो 7.0-इंच स्मार्टप्ले स्टूडियो सिस्टम से बहुत बड़ी दिखती है और 8.0-इंच या इससे बड़ी हो सकती है।
फीचर्स
रिपोर्ट के मुताबिक इंफोटेनमेंट सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा और इसमें वायरलेस एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो भी शामिल होंगे। स्टीयरिंग व्हील स्विफ्ट के स्टीयरिंग व्हील के जैसी होगी। क्लाइमेट कंट्रोल स्विच के भी बिल्कुल नए होने की उम्मीद है और ये इग्निस के जैसे ही दिखेंगे। जहां तक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की बात है तो नई बलेनो में आई20 की तरह ही फुल-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है।
इंजन और पावर
खबरों के मुताबिक बलेनो के इंजन में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है। बलेनो इस समय दो 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ आती है। जिसमें एक 83hp का पावर जेनरेट करता है और दूसरा 12V माइल्ड-हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ 90hp का पावर पैदा करता है। उम्मीद है कि नए मॉडल में भी यही इंजन दिए जा सकते हैं। कार के फुल-हाइब्रिड वर्जन की भी चर्चा है। हालांकि इसे इस अपडेट के साथ पेश किया जाएगा, इसकी उम्मीद बहुत कम है।