सिंह लग्न वाले जातक आकर्षित होते हैं। आपके शारीरिक संरचना के बारे में कहा जाए तो आपकी आंखें बड़ी, नाक लंबी और माथा चौड़ा होता है, आपका चेहरा अंडाकार होता है और शरीर का ऊपरी हिस्सा मजबूत होने के साथ साथ आकर्षक होता है। आपकी ऊंचाई औसत होती है, लेकिन व्यक्तित्व में कोई कमी नहीं होती है।
सिंह राशि के लोगों का स्वभाव एक राजा के समान होता है। यह सूर्य की राशि है और सूर्य राजा, प्रधान, प्रशासनिक अधिकारी का प्रतीक माना जाता है। ऐसे व्यक्ति निजी और सार्वजनिक क्षेत्र में बड़े ओहदे में विराजमान होते हैं। इस राशि वाले लोग अपने विरोधियों पर भी हावी रहते हैं। लोग स्वतः ही इनके नेतृत्व के कायल हो जाते हैं।
प्रेम और वैवाहिक जीवन में आप बेहद रोमांटिक पार्टनर होते हैं। आपका अंदाज़ विपरीत लिंग के लोगों को बहुत आकर्षित करता है। लेकिन आप अपने पार्टनर पर कभी-कभी पूरी तरह से हावी हो जाते हैं। आप उनके ऊपर पूर्ण अधिकार रखते हैं। आपका ये रवैया साथी को कभी-कभी नहीं भाता है।
आप एक अच्छे मित्र होते हैं और समय आने पर अपनी मित्रता का भी परिचय बखूबी देते हैं। आप ईमानदार और विश्वसनीय होते हैं। आपकी अपेक्षाएं दूसरों की बजाय ख़ुद से होती हैं। काम करते समय आप कभी-कभार ज़्यादा उत्सुक दिखाई देते हैं। स्वयं और समाज के प्रति आप आशावादी, परोपकारी एवं दयालु होते हैं।
सिंह राशि के जातकों में एक बड़ी कमी ये होती है आप अहंकारी होते हैं। आपका गुस्सा वाला रवैया लोगों को भयभीत करता है। आप निजी आक्षेप के प्रति काफी संवेदनशील हो जाते हैं और अपनी आलोचना नहीं सह पाते हैं। आप स्वभाव से जिद्दी हो सकते है और इस बात में यकीन करते हैं कि आपके द्वारा उठाया गया कदम सही ही होगा।
आपको हृदय से जुड़ी समस्याएं रहती हैं। इसके साथ ही आपको शारीरिक दर्द की शिकायत, बुखार, जलन आदि समस्याएं रहती हैं। आपको मानसिक तनाव से बचने की आवश्यकता होती है। क्योंकि मानसिक तनाव से आपके हृदय को नुकसान पहुंच सकता है।