परिवार में अक्सर होने वाले छोटे-छोटे विवादों से हम परेशान रहते हैं। इनके पीछे भले ही वजह छोटी हो, लेकिन भविष्य में इनके गंभीर परिणामों के चलते परिवार तक टूट जाते हैं। इन विवादों का निवारण व्यक्ति की कुंडली में होता है। ऐसा मानना है आचार्य राजेश का। वह पिछले कई वर्षों से इस पर रिसर्च कर रहे हैं और इन्हें प्रश्न कुंडली से लेकर सेहत से जुड़ी समस्याओं में महारथ हासिल है।
कुंडली में छिपा हर बीमारी का राज
आपकी कुंडली में आपकी सेहत का राज छिपा है, यह मानना है डॉ. संजीव सुंदरानी का। एक एनजीओ के माध्यम से कैंसर जैसे असाध्य रोगियों के प्रेरक गुरु डॉ. सुंदरानी ने 15 वर्षों की रिसर्च के बाद पाया कि किसी भी व्यक्ति की कुंडली से छिपा होता है कि भविष्य में उसे क्या बीमारी हो सकती है। यह जानकर वह जातक को नियम, संयम की सलाह देते हैं, ताकि वह बीमारी भविष्य में उसके लिए हानिकारक न बने।
हस्ताक्षर देखकर बता देंगे वास्तु दोष
हस्ताक्षर से आपके व्यक्तित्व का पता तो हर कोई बता देगा, लेकिन एक नाम ज्योतिष महाकुंभ में ऐसा भी है जो हस्ताक्षर से भूत और भविष्य के लेखाजोखा से लेकर घर का वास्तुदोष तक बता देंगे। इनका नाम डॉ. संदीप भार्गव है। ये जातक को हस्ताक्षर में सुधार के टिप्स देकर व्यक्ति की समस्याओं को दूर करते हैं। इसके अलावा हस्तरेखा पढ़ने में भी इन्हें महारथ हासिल है।
दिल्ली की आचार्य अलका पिछले सात वर्षों से टैरो कार्ड, हस्तरेखा के माध्यम से लोगों की समस्याओं को दूर करने में जुटी हैं। होटल से लेकर व्यापार जगत से जुड़े कई बड़े नाम कोई नया काम शुरू करने से पहले अलका की सलाह जरूर लेते हैं।
कालसर्प योग अच्छा भी होता है
25 वर्षों से ज्योतिष अध्यात्म और भागवत कथाओं के माध्यम से जन कल्याण कर रहें आचार्य रमेश सेमवाल का कालसर्प योग पर खास शोध है। आचार्य सेमवाल के मुताबिक, कालसर्प योग की सभी कुंडलियां खराब नहीं होती हैं। इस योग का व्यक्ति काफी ऊंचाई पर जाता है। बस कुछ खास अनुष्ठान करने होते हैं। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, लता मंगेशकर की कुंडली में भी कालसर्पदोष था। 33 अखिल भारतीय ज्योतिष सम्मलेन करवा चुके आचार्य सेमवाल उत्तराखंड ज्योतिष परिषद के अध्यक्ष भी हैं।
आयोजन के सहयोगी
इस आयोजन में पद्मेश इंस्टीट्यूट ऑफ वैदिक साइंसेज, कानपुर वैचारिक सहयोगी है। होटल सैफ्रॉन लीफ, रियो रिजॉर्ट, होटल पर्ल ग्रैंड, होटल वायसराय इन हॉस्पिटेलिटी पार्टनर, ज्योतिष मंथन जयपुर ज्योतिष पत्रिका और गुरु कृपा ज्योतिष धाम देहरादून पार्टनर, समाचार प्लस चैनल पार्टनर, अमर उजाला डॉट कॉम डिजिटल पार्टनर और हाइप शूज सहयोगी है।
ज्योतिषियों का होगा सम्मान
पिछले दो वर्षों की तर्ज पर इस बार भी ज्योतिष के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए एक वरिष्ठ ज्योतिष को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। अन्य सुपात्र ज्योतिषियों को ज्योतिष विभूषण, ज्योतिष भूषण और ज्योतिष श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा। सम्मान के लिए ज्योतिषियों का चयन आयोजक मंडल करेगा।
ग्राफिक एरा विवि के सभागार में 31 मार्च को ज्योतिष महाकुंभ के जरिये अमर उजाला एक बार फिर प्रदेशवासियों को देश के जाने-माने ज्योतिषियों से मिलने का मौका उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ होगा, जिसके मुख्य अतिथि राज्यपाल डॉ. केके पाल होंगे। इस दिन ज्योतिष विद्या के महान ज्ञानी डॉ.केएन राव को उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए ‘ज्योतिष पितामह’ सम्मान से नवाजा जाएगा। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से यदि वे नहीं आ सके तो यह सम्मान उनके प्रतिनिधि गृहण करेंगे। वास्तु के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए जयपुर के प्रख्यात वास्तुविद पं. सतीश शर्मा को लाइफ टाइम अचीवेंट सम्मान से नवाजा जाएगा। इस अवसर पर उनकी पुस्तक ‘खगोलशास्त्र और पौराणिक अवधारणाएं’ का विमोचन भी होगा। अगले दिन एक मार्च को निशुल्क परामर्श का दिन होगा। महाकुंभ के अंतिम दिन दो अप्रैल को जीएमएस रोड स्थित होटल सैफ्रॉन लीफ में देशभर के ज्योतिषियों को उनके योगदान एवं कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत होंगे।
संवाद में भी आमजन हो सकते हैं शरीक
उद्घाटन सत्र के बाद महाकुंभ में ज्योतिषियों के बीच ग्राफिक एरा सभागार में संवाद भी होंगे। ज्योतिष का स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्या-क्या उपयोग हो सकता है, इसको लेकर परिचर्चा, सवाल-जवाब सेशन भी होगा। स्वास्थ्य और ज्योतिष के बीच के संबंध समेत अन्य इससे मिलते-जुलते विषयों पर विद्वानों के बीच संवाद होगा, जिसके माध्यम से एक सर्वमान्य हल निकालने का प्रयास किया जाएगा। केवल सफाई के जरिये, जिंदगी में कैसे बदलाव लाया जा सकता है? इसके जबरदस्त टिप्स दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में ज्योतिषियों के अतिरिक्त आमजन भी शरीक हो सकते हैं। पहले आओ-पहले पाओ आधार पर स्थान मिलेगा। इसके अगले दिन एक अप्रैल को सुबह 10 बजे से चार बजे शाम तक आम लोग अपनी पसंद के ज्योतिषी से मिलकर निशुल्क परामर्श ले सकेंगे। यह कार्यक्रम भी ग्राफिक एरा कैंपस में ही होगा।
वास्तुदोष जानने के लिए घर या दुकान का नक्शा लेकर आएं
एक अप्रैल को ज्योतिष महाकुंभ में वास्तुदोष से संबंधित प्रश्न लेकर आने वाले लोग अपने घर या दुकान का नक्शा जरूर लेकर आए। नक्शा देखकर ही वास्तु विशेषज्ञ आपकी समस्या का निवारण कर सकेंगे।