विश्वनाथ मम नाथ तुम्हारी, त्रिभुवन महिमा अमिट तुम्हारी...। गंगा तट पर दमक रही स्वर्णमयी आभा अब देश ही नहीं दुनिया का ध्यान एक बार फिर अपनी ओर खींच रही है। 54 हजार वर्गमीटर में फैले काशीपुराधिपति के भव्य धाम की सुनहरी आभा अब गंगा की लहरों को भी तरंगित कर रही है।
दुनिया भर के करोड़ों शिवभक्तों के सपने साकार करने वाला यह धाम 15 दिसंबर के बाद आम भक्तों के लिए सुलभ होगा। अब भक्त न केवल बेरोकटोक जटाजूट के दर पर दंडवत होंगे, बल्कि लाखों शिवभक्तों के लिए ‘जीय जुड़ा गईल वाली’ अनुभूति होगी।
नीली और पीली रोशनी में नहाए महादेव के दर पर 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देशभर के प्रमुख धर्माचार्य भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी होंगे। पुरानी मान्यताओं के अनुसार साढ़े तीन सौ साल बाद ऐसा अदभुत पल दोहराने वाला है। ऐसे में दुनियाभर के शिवभक्त इसे त्रिभुवन महिमा अमिट तुम्हारी की ही संज्ञा दे रहे हैं।
2 of 10
काशी विश्वनाथ धाम
- फोटो : अमर उजाला
इस पूरे अभियान में शिव के साथ शक्ति और उनके विग्रह अब एक साथ भक्तों के कष्ट हरने को तैयार हैं। गंगा तट पर पांचों पंडवा हो या आदि विश्वेश्वर का दर, ब्रह़म मुहूर्त में भोग आरती के साथ शंख, घंटा नाद गंगा तट से लेकर काशी की गलियों को अलंकृत करेंगे।
3 of 10
काशी विश्वनाथ धाम
- फोटो : अमर उजाला
इसके साथ ही ज्ञानवापी कूप और विलुप्त विग्रह के साथ माता अन्नपूर्णा भी अब बाबा के समक्ष ही भक्तों को आशीष देंगी। मंदिर के अर्चक सुनील मिश्रा बताते हैं कि बिना गंगा स्नान काशी दर्शन का लाभ की मान्यता नहीं है। मगर, अब काशी दर्शन का पूर्ण लाभ भक्तों को मिलेगा। बाबा के बाल अर्चक ईशान मिश्रा बताते हैं कि एक साथ घंटा, घड़ियाल के निनाद अब गंगा तट के माहौल को भी शिवमय बनाएंगे।
4 of 10
काशी विश्वनाथ धाम
- फोटो : अमर उजाला
काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर शहर में देव दीपावली सरीखा नजारा देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग की ओर से घाटों और शहर के प्रमुख चौराहों को सजाया गया है। राजघाट से रविदास घाट तक नौ लाख दीप जलाए जाएंगे। पीएम के आगमन पर काशी में उत्सव जैसा माहौल होगा। इसमें देव दीपावली मनाने वाली समितियों के अलावा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जा रही है।
5 of 10
काशी विश्वनाथ धाम
- फोटो : अमर उजाला
लेजर शो में दिखेगी ‘बाबा’ की महिमा
पर्यटन विभाग की ओर से मेहता अस्पताल से गुलेरिया कोठी तक काशी विश्वनाथ की महिमा दर्शाने वाला लेजर शो होगा। कैलाश खेर की धुनों के बीच करीब 10 मिनट का लेजर शो आध्यात्मिक काशी से लोगों को जोड़ने का कार्य करेगा।