हिमाचल के कुल्लू जिले के आनी मुख्यालय से करीब 26 किमी दूर खनाग के माशनुनाला में एनएच-305 पर एक खड़ी बस टैक्सी चालक की लापरवाही से हादसे का शिकार हो गई। हादसे में टैक्सी चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई। बस कुल्लू जा रही थी। बस करीब डेढ़ सौ मीटर खाई में लुढ़क गई। बस माशनुनाला चाय-पान के लिए रुकी थी।
वहां से कुछ सवारियां बस में सवार हो रही थीं। इसी बीच पीछे से एक टैक्सी वहां आई। बताया जा रहा है कि टैक्सी को निकालने के लिए वहां कम जगह थी। ऐसे में टैक्सी चालक खुद ही बस को न्यूट्रल कर वहां से हटाने के लिए ड्राइवर सीट पर बैठ गया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर खाई में लुढ़क गई। बस में तेरह सवारियां बैठी थी।
बस को अनियंत्रित होता देख टैक्सी चालक इंद्रजीत सिंह ने छलांग लगा दी। बस लुढ़क ते हुए खाई में पहुंच गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। दो लोगों ने कुल्लू अस्पताल में दम तोड़ा। इंद्रजीत सिंह को भी उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसे मंडी के लिए रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक होने के चलते पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इसकी मौत हो गई।
आठ घायलों का इलाज आनी, रामपुर और आईजीएमसी में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले पुलिस ने टैक्सी चालक इंद्रजीत सिंह को कुल्लू के भुंतर से गिरफ्तार किया था। छलांग लगाते समय उसे भी चोटें लगी थीं। पीजीआई में इसकी भी मौत हो गई।
डीएसपी आनी बलदेव ठाकुर ने बताया कि कुल्लू-बागीपुल बस माशनुनाला रुकी थी। जहां पर बागीपुल से आने वाली बसों की सवारियों का इंतजार किया जाता है। इसी बीच टैक्सी चालक बस में चढ़ा और हादसा हो गया। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने बस दुर्घटना के न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बस दुर्घटना में जान गंवा चुके लोगों के प्रति गहरा दुख प्रकट करते हुए जांच के आदेश दिए हैं।