मशहूर अमेरिकी अभिनेत्री रोज मैकगोवान ने हॉलीवुड में मूवी मुगल के रूप में मशहूर प्रॉड्यूसर हार्वी वीनस्टीन पर होटल के एक कमरे में बलात्कार करने का आरोप लगाया था। अब अभिनेत्री रोज ने कहा है कि हाल ही में हार्वी की ओर से उन्हें चुप रहने के लिए 6.4 करोड़ रुपये ऑफर किए गए थे। जानिए क्या था पूरा मामला...
अभिनेत्री रोज ने कहा था कि हार्वी ने उनका रेप किया था और अमेजन स्टूडियो से जब उन्होंने शिकायत की थी तो स्टूडियो ने उनका शो ही बंद कर दिया था। आपको बता दें कि सोशल साइट पर वर्ल्ड वाइड #MeToo कैंपेन चर्चा में है। एक के बाद एक महिलाएं यौन उत्पीड़न की घटनाएं शेयर कर रही हैं। इसकी शुरुआत तब हुई थी जब हॉलीवुड के मूवी मुगल हार्वी वीनस्टीन पर दर्जनों महिलाओं ने रेप और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
44 साल की रोज के मुताबिक, घटना 1997 की है जो एक फिल्म फेस्टिवल के दौरान हुई थी। रोज ने आरोप लगाया था कि अमेजन स्टूडियो के सीईओ ने उनकी शिकायत पर एक्शन नहीं लिया, जबकि वे कहती रहीं कि उनके पास प्रूफ है।
खास बात ये है कि रोज ने करीब एक साल पहले ही एक अनाम व्यक्ति द्वारा रेप किए जाने का खुलासा किया था। लेकिन उन्होंने तब वीनस्टीन का नाम नहीं लिया था। अब रोज ने कहा है कि उन्हें चुप रहने के लिए कुछ दिन पहले ही 6.4 करोड़ रुपये ऑफर किए गए थे। एक्ट्रेस ने कहा है कि 'हॉलीवुड के बादशाह' माने जाने वाले शख्स के एक सहयोगी ने इस ऑफर की पेशकश की थी।
रोज ने कहा कि वह और भी अधिक रुपये की डील कर सकती थी। लेकिन उन्होंने हार्वी का पैसा लेने से इनकार कर दिया। एक्ट्रेस ने कुछ वक्त पहले ये भी कहा था कि हार्वी के वकील ने उनसे कुछ दिन पहले संपर्क कर एक और ऑफर दिया था। यह ऑफर था हार्वी के सपोर्ट में बोलने के लिए कि वह अब बदल गया है।