कई बड़े स्टार्स के साथ फिल्मों में काम कर चुके
एक्टर इंदर कुमार नहीं रहे। आज सुबह मुंबई में स्थित उनके घर में उन्हें बेहोशी की हालत में पाया जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें
मृत घोषित कर दिया।
इंदर कुमार लंबे समय से फिल्मों में सक्रिय थे। सलमान खान के साथ उन्होंने 'वॉन्टेड' और 'तुमको ना भूल पाएंगे' में काम किया। शुरुआत में इंदर कुमार का करियर खूब अच्छा चल रहा था। उनके चॉकलेटी चेहरे पर लड़कियां मर मिटती थीं, लेकिन इंदर कुमार की जिंदगी में एक ऐसा वक्त भी आया जिसकी वजह से उनका करियर डगमगा गया।
पर ऐसे वक्त में सलमान खान ने इंदर कुमार और उनके परिवार की खूब मदद की। एक तरह से सलमान इंदर और उनके परिवार के लिए एक मसीहा के तौर पर सामने आए।
कैसे हुई फिल्मी करियर की शुरुआत ?
इंदर कुमार ने अपने करियर की शुरुआत 1996 में आई फिल्म 'मासूम' से की थी। ये फिल्म फ्लॉप रही और इससे इंदर के करियर को कोई फायदा नहीं हुआ। सुपरस्टार बनने के चक्कर में इंदर कुमार ने क्या क्या नहीं किया लेकिन सारी मेहनत पर पानी फिर गया।
जब लीड हीरो के तौर पर इंदर कुमार नहीं चल पाए तो मजबूरन उन्हें साइड हीरो के रोल करने पड़े। अपनी पहचान बनाने के लिए सालों तक उनकी जद्दोजहद जारी रही। फिल्में तो इंदर कुमार को खूब मिलीं लेकिन साइड हीरो के तौर पर वो बॉलीवुड में कामयाबी हासिल नहीं कर पाए।