आधुनिक सुविधाओं वाली तेजस एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई और गोवा के बीच 22 मई से दौड़ेगी। शुक्रवार को रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का निरीक्षण किया। तेजस ट्रेन के 20 कोचों में टी-कॉफी वेंडिंग मशीनों के अलावा हर सीट पर एलसीडी स्क्रीन और वाई-फाई की सुविधा होगी। ये देश की पहली ट्रेन होगी, जिसके सभी कोच में ऑटोमैटिक डोर क्लोजिंग के साथ ही सुरक्षित गैंगवेज (डिब्बों के बीच के कॉरिडोर्स) होंगे।
मुंबई-गोवा के बाद दूसरी तेजस ट्रेन को दिल्ली-चंडीगढ़ रूट पर चलाए जाने के आसार हैं। ट्रेन की पहली रैक को आरसीएफ (रेल कोच फैक्ट्री) कपूरथला में तैयार किया गया है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, तेजस एक नई प्रीमियर क्लास ट्रेन है। इसे चलाने का मकसद यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाना है।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने बताया कि तेजस में बेहतर सुविधाएं होने के कारण इस ट्रेन का किराया भी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के सामान्य किराए से कुछ ज्यादा होगा।
इस ट्रेन में टी और कॉफी वेंडिंग मशीनें, मैगजीन्स और स्नैक टेबल्स, हर यात्री के लिए एलसीडी स्क्रीन, बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स में वाटर लेवल इंडिकेटर्स, सेंसर्ड टैप और हैंड ड्रायर्स (हाथ को सुखाने वाली मशीनें) लगे होंगे।
तेजस में सेलिब्रिटी शेफ द्वारा तैयार मनपसंद खाना मिलेगा। ट्रेन के अंदर का रंग बाहर के रंग से मैच करेगा, जिससे यात्री को वर्ल्ड क्लास ट्रैवलिंग का अहसास मिलेगा।