भारत के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के काफिले की वजह से मंगलवार को एक लकवा पीड़ित मरीज को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि एम्स से वापस लौट रहे लकवाग्रस्त मरीज को सुरक्षा कारणों की वजह से 10 राजाजी मार्ग से काफी पहले किए गए बैरिकेड के पास उतरवा दिया गया।
राष्ट्रपति की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों ने ऑटोवाले को आगे नहीं जाने दिया जिसके बाद मरीज को परिवारवालों के साथ ही उतरने को मजबूर होना पड़ा। बता दें कि वह मरीज खुद से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
उस मरीज की मां ने लड़खड़ाते बेटे को सहारा दिया और फिर साउथ एवेन्यू की ओर चल दी। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 10 राजाजी मार्ग के अंदर थे और कुछ ही मिनटों बाद उनका काफिला वहां से बाहर निकला।
एक हिंदी वेबसाइट के अनुसार उस मरीज का नाम राजीव कुमार है और वह बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है। दिल्ली से पहले उसका इलाज पटना में चल रहा था। जहानाबाद से सांसद अरुण कुमार के बुलावे पर वह दिल्ली के एम्स इलाज के लिए चला आया। राजीव का पूरा परिवार सांसद अरुण कुमार के साथ ही साउथ एवेन्यू स्थित उनके आवास पर कई दिनों से ठहरा हुआ है और एम्स में इलाज करवा रहा है।