कपिल शर्मा का शो छोड़ने के बाद चंदू चाय वाला यानी चंदन प्रभाकर ने अपना नया ठिकाना तलाश लिया है। जानिए आखिर वे कैसे बन गए कॉमेडियन।
द कपिल शर्मा शो पिछले कुछ समय से विवादों की वजह से चर्चाओं में है। मार्च में हुई एक घटना के बाद शो से जुड़े कई एक्टर्स इस शो को छोड़ चुके हैं। इन्हीं में से एक हैं शो में चंदू चाय वाला के रोल में नजर आने वाले चंदन प्रभाकर। चंदन और कपिल दोनों अमृतसर से ताल्लुक रखते हैं। हाल ही में चंदन फैमिली फ्रेंड अभिनय कला केन्द्र के प्रधान शम्मी चौधरी से मिलने उनके घर पठानकोट पहुंचे।
चंदन प्रभाकर ने बताया कि मां की मजाक करने की आदत ने उन्हें कॉमेडियन बनाया है। चंदन वीरवार को पठानकोट आए थे। शहर के मशहूर पेंटिंग आर्टिस्ट शम्मी चौधरी के घर पर पहुंचे चंदन प्रभाकर ने कुछ समय यहां बिताया। इसके बाद वह अपने अगले गंतव्य के लिए निकल गए। चंदन प्रभाकर अपने पर्सनल टूर के दौरान यहां पहुंचे थे।
इस दौरान पत्रकारों से हुई बातचीत में चंदन ने कहा कि कपिल के साथ कॉमेडी शो में रहूं या ना रहूं यह बताना जल्दबाजी होगी पर अपने क्लासमेट बचपन के दोस्त (कपिल) के दिल से दूर नहीं हो सकता। हाल ही में बेटी के पिता बने चंदन ने अपनी और कपिल की केमिस्ट्री पर कहा कि लोग उनकी जोड़ी को बेहद पसंद करते हैं और वह हमेशा कपिल के सच्चे दोस्त की तरह रहेंगे।
हालांकि, उन्होंने कहा कि उनका प्लान नई पंजाबी फिल्म बनाने का है, उनका कहना है कि यह ऐसी पंजाबी फिल्म होगी, जिसका कॉन्सेप्ट आज तक बनी सभी पंजाबी फिल्मों से हटकर होगा। स्टैंड अप कॉमेडी में नाम कमा चुके चंदन प्रभाकर बॉलीवुड में भावनाओं को समझो और पंजाबी में पावरकट, डिस्को सिंह जज सिंह एलएलबी में अहम किरदार निभा चुके हैं।