हिंदुजा बंधु लगातार चौथे साल ब्रिटेन में सबसे अमीर एशियाई मूल के कारोबारी रहे हैं। भारत में पैदा हुए जीपी हिंदुजा और एसपी हिंदुजा को ‘एशियन रिच लिस्ट 2016’ में सबसे ऊपर रखा गया है।
इनकी कुल संपत्ति 16.5 बिलियन पाउंड (करीब 1600 अरब रुपये) बताई गई है, जो बीते साल के मुकाबले एक बिलियन पाउंड ज्यादा है।
एशियन मीडिया एंड मार्केट समूह की ओर से जारी ‘एशियन रिच लिस्ट 2016’ में ब्रिटेन में रहने वाले एशिया मूल के 101 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति का आकलन किया गया है।
सूची में दूसरे स्थान स्थान पर लक्ष्मी निवास मित्तल
स्टील कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल को इस सूची में दूसरा स्थान मिला है। मित्तल की संपत्ति बीते साल के मुकाबले 3.3 बिलियन पाउंड बढ़कर कुल 6.4 बिलियन पाउंड (615 अरब रुपये) हो गई है।
15वें स्थान पर हैं लॉर्ड स्वराज पॉल
एनआरआई उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल सूची में 15वें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 500 मिलियन पाउंड (48 अरब रुपये) है। इस साल अमीर एशियाई कारोबारियों की कुल संपत्ति 55.54 बिलियन पाउंड (5332 अरब रुपये) हो गई है, जो पिछले साल 54.48 बिलियन पाउंड (5230 अरब रुपये) थी।
सूची में नया नाम साइरस वंड्रेवाला का है
सूची में नया नाम साइरस वंड्रेवाला का है, जिनकी कुल संपत्ति 2 बिलियन पाउंड है। वे सूची में पांचवें स्थान पर हैं। साइरस अपनी पत्नी प्रिया के साथ लंदन आए थे। अमेरिका में इंटरनेट कारोबारी रहे साइरस अब प्राइवेट इक्विटी और रियल एस्टेट के कारोबार में हैं।
लोहिया सूची में तीसरे स्थान पर हैं
इंडोरमा कॉरपोरेशन के चेयरमैन श्रीप्रकाश लोहिया सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 3 बिलियन पाउंड आंकी गई है।