वनडे के साथ ही लौट आया मैक्सवेल का 'तूफान'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ऑस्ट्रेलिया में खेली गई चार मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अब त्रिकोणीय सीरीज खेला जाने वाला है। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के अलावा इंग्लैंड और भारत की टीमें भाग ले रही हैं। अगले महीने होने वाले वर्ल्ड कप से पहले तीनों टीमों के पास तैयारियों के लिए यह अंतिम मौका है।
त्रिकोणीस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया पहुंची इंग्लैंड और टीम इंडिया अपनी वार्मअप में जुटी हुई हैं। भारत पहले से ही ऑस्ट्रेलिया में है। जबकि इंग्लैंड की टीम पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलिया पहुंची है। इंग्लैंड ने सीरीज से पहले वार्मअप मैच खेल रही है।
बुधवार को कैनबरा में एक अभ्यास मैच इंग्लैंड एकादश और प्रधानमंत्री एकादश के बीच खेला गया। यह अभ्यास मैच बेहद शानदार रहा और रनों के लिहाज से खूब रन बने। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 722 रन बनाए। हालांकि इस मैच में मेजबान टीम को 60 रन से हार का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड एकादश ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 391 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में कंगारू टीम 48.1 ओवर में 331 रन बनाकर आउट हो गई।
बेल ने बजाई हर कंगारू गेंदबाजों की घंटी
इंग्लैंड एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, उसका यह फैसला बेहद शानदार रहा। इयान बेल और मोइन अली की ओपनिंग जोड़ी ने 15 ओवर के अंदर 113 रन बना दिए। ग्लेन मैक्सवेल ने इस खतरनाक जोड़ी को तोड़ा। उन्होंने मोइन को 71 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट कराया। मोइन ने 13 चौकों के साथ 49 गेंदों में 71 रन बनाए।
इसके बाद बेल के साथ जेम्स टेलर ने भी दूसरे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में भी बेल का ज्यादा योगदान रहा। वह क्रीज पर डटे रहे लेकिन टेलर 71 रन बनाकर आउट हो गए।
दूसरे छोर पर टिके बेल ने कंगारू गेंदबाजों की जमकर घंटी बजाई और हर ओर से रन बटोरे। उन्होंने 20 चौके और 3 छक्के की मदद से 145 गेंदों में 187 रन बनाए। बेल एक तरफ से रन बनाते रहे तो दूसरी तरफ से अन्य बल्लेबाज छोटा-छोटा योगदान देकर चलते बने। बेल की आक्रामक पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 50 ओवर में 391 रन बना लिए। हालांकि वर्ल्ड कप में अचानक टीम के कप्तान बने इयोन मोर्गन के लिए यह मैच अच्छा नहीं रहा और 7 रन बनाकर चलते बने। ऑस्ट्रेलियाई टीम की ओर से जेसन बेहरेनड्रोफ ने 4 विकेट झटके।
सीरीज से पहले आया ग्लेन मैक्सवेल का तूफान
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एकादश को 392 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में 2 झटके लग गए। टीम ने 10 ओवर के अंदर 50 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए।
विकेटों के पतन के बावजूद मैच में उस समय रोमांच आ गया जब ग्लेन मैक्सवेल ने बल्लेबाजी का मोर्चा संभाला और आतिशी पारी शुरू कर दी। मैक्सवेल ने 91 गेंदों में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 136 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और 2 जोरदार छक्के लगाए।
मैक्सवेल की आतिशी पारी देखकर ऐसा लगा कि मेहमान टीमों को त्रिकोणीय सीरीज में इस धाकड़ बल्लेबाज का सामना करना पड़ेगा। जहां तक इस मैच की बात है तो मैक्सवेल के अलावा अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके और पूरी टीम 49वें ओवर में आउट हो गई। वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहे हैं और जब वह वापस लौटे हैं तो उनकी आतिशी पारी देखने का मौका उनके प्रशंसकों को जल्द मिलने वाला है।
इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्रॉड ने 40 रन देकर 4 विकेट झटके, क्रिस जोर्डन और जेम्स ट्रेडवेल को 2-2 सफलता मिली।