भारतीय नौसेना ने बताया कि उनका पी81 एयरक्राफ्ट, जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) के साथ द्विपक्षीय एंटी सबमरीन वॉरफेयर (एएसडब्ल्यू) और बातचीत के लिए जापान के अत्सुगी पहुंच गया है। पी81 जेएमएसडीएफ के साथ समुद्री परीक्षण में हिस्सा लेने के साथ एएसडडब्ल्यू के संचालन की योजना बनाएगा।
भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "भारतीय नौसेना पी81 एयरक्राफ्ट जेएमएसडीएफ के साथ युद्धाभ्यास और अन्य विषयों पर बातचीत के लिए अत्सुगी पहुंचा।" रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और जापान रक्षा और सुरक्षा साझेदारी द्विपक्षीय संबंधों का एक अभिन्न स्तंभ है।
अमेरिका में भारतीय समेत दो लोगों की हत्या करने वाले को फांसी
2002 में अमेरिकी राज्य ओक्लाहोमा में एक भारतीय सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या करने के दोषी 41 वर्षीय व्यक्ति को गुरुवार को फांसी दे दी गई। एक रिपोर्ट के अनुसार, माइकल ड्वेन स्मिथ को मैकलेस्टर शहर में ओक्लाहोमा स्टेट पेनिटेंटरी में घातक इंजेक्शन द्वारा मार डाला गया था। 22 फरवरी, 2002 को अलग-अलग घटनाओं में 24 वर्षीय भारतीय स्टोर क्लर्क शरथ पुल्लुरु और 40 वर्षीय जेनेट मूर की हत्या के लिए स्मिथ मौत की सज़ा पर थे। ओक्लाहोमा के अटॉर्नी जनरल जेंटनर ड्रमंड ने स्मिथ की फांसी पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि आज का दिन जेनेट मिलर-मूर और शरथ पुल्लुरु के परिवारों के लिए कुछ हद तक शांति लाएगा। उनके प्रियजनों के लिए यह 22 साल लंबे और कठिन रहे हैं।
चीन में बौद्ध भिक्षु सम्मेलन भारत से प्रतिनिधित्व नहीं
चीन ने प्रभावशाली एशियाई बौद्ध भिक्षुओं का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें भारत का कोई प्रतिनिधित्व नहीं था। जबकि यहीं से बौद्ध धर्म 68 ईस्वी में चीन आया था। सम्मेलन में चीन के शीर्ष भिक्षु ने कहा कि बीजिंग ने वैश्विक स्तर पर बौद्ध धर्म के प्रचार में अहम भूमिका निभाई है। इसमें श्रीलंका, नेपाल, जापान, वियतनाम, कंबोडिया और दक्षिण कोरिया के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया।
म्यांमार : लोकतंत्र समर्थकों ने ड्रोन से किए कई जगह हमले
म्यांमार के लोकतंत्र समर्थक समूह की सशस्त्र इकाई ने हवाई अड्डे व राजधानी नेपीता में एक सैन्य मुख्यालय पर ड्रोन हमले किए हैं। हालांकि सत्तारूढ़ सेना ने कहा कि उसने हमला करने वाले ड्रोन को नष्ट कर दिया है। विपक्षी राष्ट्रीय एकता सरकार (एनयूजी) के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ‘पीपुल्स डिफेंस फोर्स’ की विशेष इकाइयों ने लक्ष्यों पर एक साथ हमला करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया।
थाईलैंड : जहाज में आग, समुद्र में कूदे सभी 108 यात्री सुरक्षित
थाईलैंड की खाड़ी में बृहस्पतिवार तड़के एक जहाज में लगी भीषण आग से बचने के लिए घबराए यात्री समुद्र में कूद गए। सभी 108 लोग सुरक्षित हैं। सूरत थानी प्रांत से रात भर चलने वाला जहाज थाईलैंड के तट से दूर एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल कोह ताओ पहुंचने ही वाला था कि तभी यात्रियों में से एक मैत्री प्रोमजम्पा ने अचानक एक जोरदार आवाज सुनी और धुएं की गंध महसूस की। उसके चिल्लाने व अलार्म बजाने से अफरा-तफरी मच गई।
नेपाल : भारत के सहयोग से स्कूल व छात्रावास भवन का हुआ निर्माण
नेपाल के खोटाङ्ग जिले में भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव सुमन शेखर और रावा बेसी गाव पालिका के अध्यक्ष फटिक कुमार श्रेष्ठ ने बृहस्पतिवार को संयुक्त रूप से श्री शारदा माध्यमिक विद्यालय का स्कूल और छात्रावास भवन का उद्घाटन किया। ‘नेपाल भारत विकास सह-कार्य’ के तहत 3.61 करोड आर्थिक सहयोग से स्कूल और छात्रावास भवन निर्माण किया गया हैं। स्कूल की स्थापना 1952 में हुई थी।
कार्बन के उत्सर्जन का बड़ा हिस्सा 57 उत्पादकों से जुड़ा
एक अहम रिपोर्ट में बताया गया है कि 2016 से 2022 तक सरकारी स्वामित्व वाली फर्मों और निवेशक कंपनियों समेत 57 संस्थाओं ने जीवाश्म ईंधन और सीमेंट उत्पादन से दुनिया के 80% कार्बन डाइ ऑक्साइड (सीओ-2) का उत्पादन किया है। गैर-लाभकारी थिंक टैंक इन्फ्लुएंस मैप की कार्बन मेजर्स रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया की तीन शीर्ष सीओ-2 उत्सर्जन करने वाली कंपनियां सऊदी आरामको, रूसी गजप्रोम और कोल इंडिया हैं।
गत वर्ष रिकॉर्ड ऊंचाई पर सीओ-2 उत्सर्जन
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा से संबंधित सीओ-2 उत्सर्जन गत वर्ष रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इन्फ्लुएंसमैप ने कहा कि इसके उत्सर्जकों का एक अपेक्षाकृत छोटा समूह इस उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार था।
फर्जी खबरों पर लगेगी रोक, अब भारत में भी कम्युनिटी नोट्स फीचर
फर्जी खबरों पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का कम्युनिटी नोट्स प्रोग्राम अब भारत में भी उपलब्ध होगा। यह सुविधा उपयोगकर्ताओं को प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही जानकारी की तथ्य-जांच करने में मदद करेगी। इसे 19 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने यह जानकारी देते हुए लिखा, हमेशा की तरह, हम यह सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता की निगरानी करेंगे कि नोट्स अलग-अलग दृष्टिकोण से लोगों के लिए उपयोगी साबित हों। बता दें कि कम्युनिटी नोट्स प्रोग्राम की मदद से एक्स पर उपभोक्ताओं द्वारा भेजी गए तथ्यों को जांचा जाता है। यह काफी उपयोगी होगा।
ताइवान : भूकंप के बाद लापता लोगों की खोज जारी; जापान-चीन में भी झटके
ताइवान में आए 7.2 तीव्रता के भूकंप के बाद जापान और चीन में भी बृहस्पतिवार को झटके महसूस किए गए। जापान में भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई, जबकि चीन में यह 5.5 रही। हालांकि दोनों ही देशों में हताहतों की खबरें नहीं हैं लेकिन रिचर स्केल पर यह तीव्रता काफी अधिक थी। इस बीच, ताइवान में आए भूकंप से मरने वालों की संख्या 10 हो गई है और लापताओं की तलाश बढ़ा दी गई। जापान में भूकंप होंशू के उत्तरी तट पर 55 किलोमीटर गहराई में आया। उधर, चीन के किंघई प्रांत में बृहस्पतिवार को सुबह 9 बजे लोगों को झटके लगे।
गाजा में तत्काल युद्धविराम पर जोर; बाइडन ने नेतन्याहू को दिए स्पष्ट संकेत
इस्राइल और हमास के हिंसक संघर्ष को लेकर अमेरिका के रूख पर समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट से सामने आया। इस रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति बाइडन ने इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से कहा कि गाजा में युद्ध को भविष्य में अमेरिका का समर्थन, युद्धग्रस्त इलाकों में रहने वाले पीड़ित नागरिकों और सहायता कर्मियों की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर निर्भर होगा। बाइडन ने साफ किया कि गाजा में 'तत्काल युद्धविराम जरूरी है।' उन्होंने इस्राइल से 'बिना देरी के' समझौते पर पहुंचने का आग्रह किया।
भारतीय के हत्यारे को 22 साल बाद मिली मौत की सजा
अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य में साल 2002 में एक भारतीय सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दोषी को मृत्युदंड दिया गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, अभियुक्त माइकल ड्वेन स्मिथ (41) को मैकलेस्टर शहर की एक जेल में घातक इंजेक्शन दिया गया जिससे उसकी मौत हुई।
उसने 24 वर्षीय शरद पुल्लुरु और 40 वर्षीय जेनेट मूर की हत्या की थी। ड्वेन स्मिथ ने 22 फरवरी, 2002 को दो अलग अलग घटनाओं में शरद और मूर की हत्या कर दी थी। अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा-ए-मौत सुनाई थी। सजा मिलने के बाद मूर व शरद के परिजनों ने संतोष जताया है।
मंदिर में बच्चे को गर्म रॉड से दागा
फोर्ट बेंड काउंटी निवासी विजय चेरुवु ने कहा, गत वर्ष अगस्त में टेक्सास के शुगरलैंड में श्री अष्टलक्ष्मी हिंदू मंदिर में एक धार्मिक समारोह के दौरान उनके बेटे को लोहे की गर्म रॉड से दागा गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एपल ने 600 से ज्यादा कर्मियों को निकाला
दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में एक एपल ने करीब 600 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। कैलिफोर्निया रोजगार विकास विभाग के दस्तावेजों के अनुसार, एपल इंक ने अपनी कार और स्मार्टवॉच डिस्प्ले परियोजनाओं को समाप्त करने के फैसले के तहत कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। ताजा छंटनी को लेकर एपल के अधिकारियों ने पुष्टि भी कर दी है।
कंपनी ने छंटनी का यह फैसला कार और स्मार्टवॉच डिस्प्ले परियोजनाओं को बंद करने के चलते लिया है। क्यूपर्टिनो व कैलिफोर्निया स्थित कंपनी ने श्रमिक समायोजन और पुनर्प्रशिक्षण अधिसूचना कार्यक्रम का अनुपालन करने के लिए राज्य को 8 अलग-अलग रिपोर्ट दायर कीं। इस बीच एपल का शेयर अमेरिकी बाजार में बृहस्पतिवार को 0.49% लुढ़ककर 168.82 डॉलर पर आ गया।
2030 तक भारत को चाहिए 95 हजार सीएस
अगले दो वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था 5 खरब डॉलर पहुंच जाएगी। इसके बाद 2030 तक इसे 10 खरब डॉलर पहुंचाने का लक्ष्य है। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान के अध्यक्ष बी नरसिम्हन ने कहा, ऐसे में पूंजी प्रबंधन के लिए देश में 95,000 कंपनी सचिव (सीएस) की जरूरत होगी।