पाकिस्तान के सिंध प्रांत में जहर मिला दूध पीने से एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना 19 अगस्त को खैरपुर के पास हैबत खान ब्रोही गांव में हुई। पीड़ितों की पहचान गुल बेग ब्रोही, उनकी पत्नी, पांच बेटे, तीन बेटियां और तीन अन्य रिश्तेदारों के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि कुछ करीबी रिश्तेदारों ने आशंका जताई थी कि पीड़ितों को जहर दिया गया होगा क्योंकि परिवार के मुखिया का कुछ लोगों के साथ ज़मीन का विवाद था।
अमेरिकी एयरपोर्ट पर टला हादसा
अमेरिका के नैशविले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, अलास्का एयरलाइंस के विमान की साउथवेस्ट एयरलाइंस के जेट से टक्कर होते होते बच गई। जानकारी के मुताबिक, अलास्का एयरलाइंस के विमान ने उस वक्त पर अपना टेकऑफ टाल दिया, जब उसे उसी रनवे पर साउथवेस्ट जेट के होने का पता चला। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि अलास्का एयरलाइंस के विमान में 176 यात्रियों और छह चालक दल के सदस्य सवार थे। जब अलास्का एयरलाइंस 369 को ट्रैफिक कंट्रोलर से टेकऑफ की मंजूरी मिली, उसी वक्त एक अन्य विमान भी उसी रनवे पर आने वाला था। इस संभावित टक्कर को टालने के लिए टेकऑफ टालना पड़ा।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि साउथवेस्ट एयरलाइंस की उड़ान 2029 को उसी रनवे को पार करने की अनुमति दी गई थी। एजेंसी घटना की जांच कर रही है। इससे पहले एयरलाइन ने बताया कि अलास्का के पायलटों ने घटना को रोकने के लिए तुरंत ब्रेक लगाए। विमान को सिएटल के लिए उड़ान भरनी थी। यात्रियों को एक नए विमान में ले जाया गया।