चीन ने अमेरिका की पांच रक्षा कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध
ताइवान को हथियार बेचने और चीनी कंपनियों व नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए जाने से तिलमिलाए चीन ने अमेरिका की पांच रक्षा कंपनियों पर रविवार को प्रतिबंध लगा दिया।
ऐसे प्रतिबंध अक्सर प्रतीकात्मक होते हैं, क्योंकि अमेरिकी रक्षा कंपनियां आमतौर पर चीन को सामान नहीं बेचतीं। चीनी विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के अनुसार, प्रतिबंध लगाए जाने के बाद चीन स्थित इन अमेरिकी कंपनियों की संपत्ति कुर्क हो जाएगी। चीन स्थित संगठन व लोग उनके साथ कारोबार नहीं कर पाएंगे। जिन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, उनमें बीएई सिस्टम्स लैंड एंड आर्मामेंट, एलियंट टेकसिस्टम्स ऑपरेशन, एयरोविरोनमेंट वियासैट एंड डेटा लिंक सॉल्यूशंस शामिल हैं।
इटली में भारतीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
इटली में एमबीए की पढ़ाई करने गए एक भारतीय छात्र की बीते दो जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद भारत में रह रहे परिवार ने सरकार से बेटे का शव वापस लाने के लिए मदद की गुहार लगाई है। छात्र की पहचान राम राउत के रूप में हुई है। राउत झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले का निवासी था। पुलिस के मुताबिक माता-पिता ने बेटे को नए साल की बधाई देने के लिए फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। उन्होंने मकान मालिक से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि छात्र दूसरे घर के शौचालय में मृत पाया गया था।
पाकिस्तान : पीटीआई नेता कुरैशी चुनाव के लिए अयोग्य
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री शाह महमूद कुरैशी अपने गढ़ मुल्तान से चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव अधिकरण ने शनिवार को उनके नामांकन के खिलाफ दाखिल याचिका खारिज कर दिया है। हालांकि, वह सिंध के उमरकोट से चुनाव लड़ सकेंगे। इससे पहले पीठासीन अधिकारी (आरओ) ने उनका नामांकन खारिज कर दिया था।
जापान: राजनीतिक चंदा घोटाले में पूर्व उप-शिक्षा मंत्री गिरफ्तार
जापान के एक बड़े राजनीतिक चंदा घोटाले ने पीएम फुमियो किशिदा की सरकार को हिलाकर रख दिया है। अधिकारियों के अनुसार, टोक्यो डिस्ट्रिक पब्लिक प्रोसिक्यूटर ऑफिस ने पूर्व उप-शिक्षा मंत्री योशिताका इकेदा को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर अपने गुट से चंदे के रूप में जुटाई गई धनराशि में घपला करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है।