इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों के बीच जारी संघर्ष में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, जॉर्डन ने हाल ही में इस्राइल से अपने राजदूत को वापस बुलाने का एलान किया। साथ ही, इस्राइली राजदूत को गाजा पर बमबारी के विरोध में हो रहे प्रदर्शन से दूर रहने को कहा है। हालांकि, अमेरिका का सहयोगी कहे जाने वाले जॉर्डन के इस कदम को लेकर व्हाइट हाउस पर सवाल उठने लगे हैं। जॉर्डन द्वारा इस्राइल से अपने राजदूत को हटाए जाने पर व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद समन्वयक जॉन किर्बी ने कहा है कि जॉर्डन को द्विपक्षीय संबंधों को जिस तरीके से रखना है वो रख सकता है। उसे इसका अधिकार है।
भले ही इस पर बयानबाजी...
पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या मौजूदा संघर्ष इस्राइल को और अधिक अलग-थलग कर सकता है क्योंकि जॉर्डन ने ऐसा कदम उठाया है, इस पर किर्बी ने कहा कि भले ही इस पर बयानबाजी होने वाली है या यह जॉर्डन सरकार के लिए बात करने का मुद्दा होगा। लेकिन मैं इन सब में शामिल नहीं होऊंगा। उन्हें द्विपक्षीय संबंधों को उस तरह से रखने का अधिकार है जैसा उन्हें ठीक लगे।
हम इसका साथ नहीं छोड़ रहे
व्हाइट हाउस के अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र के लिए एकीकृत इस्राइल अच्छा है। उन्होंने कहा, 'हम अब भी मानते हैं कि एकीकृत इस्राइल क्षेत्र के लिए अच्छा है और हम अभी भी मानते हैं कि यह रास्ता अपनाने लायक है। हम इसका साथ नहीं छोड़ रहे हैं।’
निर्णय लेने का अधिकार
उन्होंने आगे कहा, ‘फिर से यही कहूंगा कि जॉर्डन सरकार अपने फैसले ले सकती है। उसे बोलने और निर्णय लेने का अधिकार है। हम अब भी मानते हैं कि एक बड़ी शक्ति है और हम इसे छोड़ने नहीं जा रहे हैं।’