ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी (OED) ने वर्ष 2021 के अपने शब्द का खुलासा कर दिया है। ये है कोरोना टीकाकरण से जुड़ा शब्द 'वैक्स' (vax) जिसका इस्तेमाल पिछले साल के मुकाबले इस साल 72 गुना अधिक बार हुआ है। डिक्शनरी ने पिछले 12 महीनों में टीकों से संबंधित शब्दों और वाक्यांशों में एक बड़ा उछाल देखा, जिनमें शामिल हैं- डबल-वैक्स्ड (double-vaxxed), अनवैक्स्ड (unvaxxed), और एंटी-वैक्सर (anti-vaxxer)।
कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ा है शब्द
एक और शब्द जिसकी लोकप्रियता में बढ़ोतरी हुई है, वह है वैक्सक्सी (vaxxie), जो कोविड-19 के खिलाफ टीका लेते समय खुद की ली गई किसी तस्वीर को दिखाता है। ओईडी की वरिष्ठ संपादक फियोना मैकफर्सन ने कहा कि 'वैक्स' 2021 के लिए वर्ष के शब्द के रूप में एक स्पष्ट विकल्प था क्योंकि इसने सबसे अधिक प्रभाव पैदा किया।
उन्होंने कहा, इसका इस्तेमाल 1980 के दशक में होता था, लेकिन इस साल तक शायद ही कभी इसका इस्तेमाल किया गया था। फिर इसका इस्तेमाल दूसरे तरह के शब्दों को बनाने में हुआ जैसे- वैक्सी, वैक्स-ए-थॉन, वैक्सिनिस्टा। लेकिन यह साफ हो गया कि इनमें से वैक्स सबसे अलग था।
ऑक्सफोर्ड लैंग्वेजेज के अध्यक्ष कैस्पर ग्राथवोल ने कहा कि भाषा के साक्ष्य की समीक्षा करते समय, 'वैक्स' एक स्पष्ट विकल्प के रूप में सामने आया। इस शब्द के अचानक से प्रभावशाली उपयोग ने हमारा ध्यान खींचा। फिर हमने विश्लेषण किया और एक कहानी सामने आने लगी, जिससे पता चलता है कि इस साल हमारी व्यस्तताओं के बीच वैक्स ने किस कदर पैठ बनाई।