फाइजर व बायोटेक द्वारा बनाई गई कोरोना वैक्सीन अमेरिका में लोगों को बूस्टर डोज के तौर पर दी जा सकती है। व्हाइट हाउस इसकी तैयारी में जुट गया है। सूत्रों के मुताबिक, कोविड-19 की बूस्टर डोज योजना इसी महीने से शुरू हो सकती है।
20 सितंबर को 100 मिलियन बूस्टर शॉट लांच कर सकते हैं बाइडन
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति जो बाइडन 20 सितंबर को 100 मिलियन बूस्टर शॉट्स लांच कर सकते हैं, लेकिन फाइजर के अलावा अन्य वैक्सीन निर्माता कंपनियां इस मांग को पूरा नहीं कर पा रहीं हैं। अभी तक केवल मॉडर्ना की ओर से बूस्टर शॉट्स के लिए आंकड़े जमा कराने शुरू किए गए हैं। कंपनी ने बताया कि शुक्रवार तक उसने पूरा डाटा उपलब्ध करा दिया था। सूत्रों की मानें तो फाइजर के बूस्टर शॉट के लिए विशेषज्ञों का एक पैनल 17 सितंबर को बैठक सकता है।
बूस्टर शॉट की मांग ज्यादा आपूर्ति कम
व्हाइट हाउस के मुख्य चिकित्सा सलाहकार डॉ. एंथोनी फौजी ने इंग्लिस चैनल को दिए गए साक्षात्कार में बताया कि 20 सितंबर तक मॉडर्ना की पूरी जानकारी उपलब्ध होना मुश्किल है, हो सकता है कि उसे कुछ और सप्ताह लग जाएं। उधर, जॉनसन एंड जॉनसन ने भी अभी तक बूस्टर शॉट के लिए आवेदन नहीं किया है। जबकि, पिछले सप्ताह बयान दिया था कि उसकी इस विषय पर एफडीए के साथ बात चल रही है।
अधिकारियों ने दी फिलाहल योजना टालने की सलाह
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने व्हाइट हाउस को सलाह दी है कि आम जनता के लिए इस महीने से बूस्टर डोज उपलब्ध कराने के फैसले को फिलहाल टाल दिया जाए।
बाइडन प्रशासन की बढ़ रही चिंता
जैसे-जैसे डेल्टा प्लस वैरिएंट संक्रामक हो रहा है बाइडन प्रशासन की चिंता भी बढ़ रही है। क्योंकि, कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिसमें वैक्सीन लगवा चुके लोग संक्रमित हो रहे हैं। यह इस बात का संकेत है कि उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली फिर से कमजोर हो रही है। इसीलिए बाइडन प्रशासन पूरी तरह टीकाकरण करा चुके लोगों को बूस्टर शॉट देने की तैयारी में है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा कि हम एफडीए व सीडीसी के दिशानिर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। एक बार अनुमति मिलने के बाद हम अमल के लिए तैयार हैं।