भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी साल 2024 में अमेरिका के राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं। अगर विवेक रामास्वामी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव में उतरने का एलान करते हैं तो भारतीय मूल के दो लोग इस रेस में शामिल हो जाएंगे। बता दें कि भारतीय मूल की ही निक्की हेली भी 2024 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी हैं। बुधवार से वह अपने अभियान की शुरुआत भी कर देंगी।
विवेक रामास्वामी एक करोड़पति बिजनेसमेन हैं और फिलहाल वह राष्ट्रपति पद के चुनाव में उतरने की अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं। अमेरिका के राज्य आयोवा में वह इसे लेकर कई कार्यक्रम आयोजित करेंगे। रामास्वामी ने कहा कि वह गंभीरता से इस बारे में सोच रहे हैं। रामास्वामी का कहना है कि वह विचार आधारित कैंपेन शुरू करने पर फोकस कर रहे हैं। बता दें कि विवेक रामास्वामी के पिता एक जनरल इलेक्ट्रिक इंजीनियर थे और भारत से अमेरिका आए थे। रामास्वामी की मां एक मनोचिकित्सक थी। रामास्वामी की जन्म अमेरिका सिनसिनाटी में हुआ। हावर्ड और येले यूनिवर्सिटी से पढ़े विवेक रामास्वामी की संपत्ति 500 मिलियन डॉलर के करीब है।
विवेक रामास्वामी एक बायोटेक कंपनी के मालिक हैं। बता दें कि अमेरिका में साउथ कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली भी अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में उतरने का एलान कर चुकी हैं। निक्की हेली रिपब्लिकन पार्टी से अपनी दावेदारी पेश करेंगी। उल्लेखनीय है कि रिपब्लिकन पार्टी से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी चुनाव मैदान में उतरने का एलान कर चुके हैं।
भारतीय मूल की कमला हैरिस वर्तमान में अमेरिका की उपराष्ट्रपति हैं। दुनिया के कई देशों में भारतीय मूल के लोगों का दबदबा बढ़ रहा है। ब्रिटेन में भी भारतीय मूल के ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।