अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उन्होंने खूंखार आतंकी संगठन अल कायदा से जुड़े संगठन के प्रमुख को सीरिया में ढेर कर दिया है। अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि हुरास अल दीन शूरा के परिषद सदस्य और शीर्ष आतंकी अबु अब्दुल रहमान अल मक्की को सीरिया में मार गिराया है। हुरास अल दीन, अल-कायदा से जुड़ा संगठन है और सीरिया में सक्रिय है। अमेरिका और पश्चिमी देशों के खिलाफ हमले में इस संगठन का नाम सामने आया है।
ड्रोन हमले में किया ढेर
सीरिया में युद्ध के हालात में मानवाधिकारों पर नजर रखने वाले एक संगठन ने बताया कि सीरिया के दक्षिणी इलाके इदलिब में एक मोटरसाइकिल पर ड्रोन हमला हुआ। इसी हमले में मक्की की मौत हो गई। मक्की को सऊदी अरब का नागरिक बताया जा रहा है। गौरतलब है कि सीरिया में अमेरिका के करीब 900 सैनिक तैनात हैं, जो अंतरराष्ट्रीय गठबंधन के तहत वहां मौजूद हैं। इस्लामिक कट्टरपंथियों से मुकाबले के लिए सीरिया में अंतरराष्ट्रीय सैनिकों की तैनाती की गई थी।
अमेरिकी सेना ने बीते जून में भी सीरिया में एक हवाई हमले में खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस के शीर्ष आतंकी को ढेर किया था। यूएस सेंट्रल कमांड ने जानकारी देते हुए बताया था कि मारे गए आतंकी की पहचान आईएसआईएस संगठन के सदस्य उसामा जमाल मुहम्मद इब्राहिम अल-जनाबी के रूप में की गई थी। वहीं यूएस अफ्रीका कमांड ने भी बीते दिनों सोमालिया में किए गए एक हवाई हमले में तीन आईएसआईएस आतंकियों को ढेर का दावा किया था।