डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने बताया कि प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य पात्रता आवश्यकताओं को बेहतर करना, कार्यक्रम दक्षता में सुधार करना, नियोक्ताओं और कर्मचारियों को ज्यादा फायदा और लचीलापन प्रदान करना है।
अमेरिका की बाइडन सरकार विदेशी कर्मचारियों को यूएसए में काम करने के लिए जारी किए जाने वाले एच1बी वीजा कार्यक्रम में बदलाव करने जा रही है। यह बदलाव विदेशी कर्मचारियों की क्षमता को बेहतर करने, विदेशी छात्रों को ज्यादा लचीलापन मुहैया कराने और गैर अप्रवासी कामगारों को काम के बेहतर हालात देने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। नए नियमों को आगामी 23 अक्तूबर को 'यूएस सिटिजनशिप एंड इमीग्रेशन सर्विसेस' द्वारा 'फेडरल रजिस्टर' में प्रकाशित कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
क्यों हो रहे बदलाव
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एच1बी वीजा की तय संख्या यानी कि 60 हजार की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। फिलहाल अमेरिकी सरकार ने नियमों में बदलावों पर लोगों की प्रतिक्रिया और सुझाव मांगे हैं। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने बताया कि प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य पात्रता आवश्यकताओं को बेहतर करना, कार्यक्रम दक्षता में सुधार करना, नियोक्ताओं और कर्मचारियों को ज्यादा फायदा और लचीलापन प्रदान करना और अखंडता उपायों को मजबूत करना है। बता दें कि एच1बी वीजा कार्यक्रम की मदद से अमेरिकी नियोक्ता, अमेरिकी कर्मचारियों के सुरक्षा मानदंडों का पालन करते हुए, अपनी व्यवसायिक जरूरतों को पूरा करने और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए विदेशी कुशल कर्मचारियों को नियुक्त कर सकता है।
किए गए हैं ये बदलाव
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी के सचिव एलेजांदरो एन मेयरकास ने एक बयान में बताया कि जो बाइडन-कमला हैरिस प्रशासन की प्राथमिकता वैश्विक टैलेंट को आकर्षित करना, मौजूदा कर्मचारियों पर पड़ रहे बोझ को कम करना और इमीग्रेशन सिस्टम में धोखाधड़ी को रोकना है। अभी जो प्रक्रिया है, उसमें एक उम्मीदवार कई नामांकन कर सकता है, ऐसे में उसके ही चुने जाने की संभावना बढ़ जाती है। अब नए प्रस्ताव के तहत एक व्यक्ति एक ही नामांकन कर सकेगा, ऐसे में ज्यादा लोगों को मौके मिलेंगे। साथ ही विशेषज्ञ पद के लिए पात्रता में संशोधन किया गया है ताकि निर्णायकों के बीच चुनाव को लेकर कोई भ्रम ना रहे। हालांकि जरूरी डिग्री क्षेत्र के बीच सीधा संबंध होना चाहिए। साथ ही स्टूडेंट वीजा पर गए अमेरिका गए छात्रों के लिए एच1बी वीजा की पात्रता को भी लचीला बनाया गया है।
विज्ञापन
छात्रों के लिए लचीलापन भी बढ़ेगा
जब छात्र अपनी स्थिति को एच-1बी में बदलना चाहते हैं तो गृह-सुरक्षा मंत्रालय एफ-1 वीजा पर छात्रों के लिए कुछ लचीलापन भी बढ़ाएगा। इसके अतिरिक्त, विभाग उभरते उद्यमियों के लिए नई एच-1बी पात्रता आवश्यकताएं स्थापित करेगा। यह नियम यूएससीआईएस के साइट विजिट करने के अधिकार को भी संहिताबद्ध करेगा। एल-1 के लिए अर्जी नहीं दे सकते एकल स्वामित्व कंपनी के मालिक अमेरिका में एल-1 विदेशी कर्मचारी वीजा पर भी बड़ा निर्णय किया गया है। इसके तहत एकल स्वामित्व वाली कंपनी का मालिक एल-1 वीजा के योग्य नहीं होगा।
विदेशी छात्रों के लिए अमेरिका में प्रशिक्षण में बदलाव की मांग
स्नातक कर रहे छात्रों और उपलब्ध एच-1बी वीजा के बीच बहुत अधिक अंतराल बताते हुए एक भारतीय प्रवासी समुदाय निकाय ने बाइडन प्रशासन से विदेशी छात्रों के लिए वैकल्पिक व्यावहारिक प्रशिक्षण (ओपीटी) कार्यक्रम में बदलाव करने का आग्रह किया है।