काबुल एयरपोर्ट पर सोमवार को भी भारी भीड़ देखी गई। सोशल मीडिया पर यहां के कई वीडियो सामने आ रहे हैं जो लोगों में भरे डर को दिखा रहे हैं। हजारों की संख्या में जुटी भीड़ किसी भी तरह यहां से जाना चाहती है। सोमवार को यहां पर फिर एक हिंसक हमला हुआ जिसमें एक अफगानी अधिकारी की जान चली गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सोमवार को एयरपोर्ट पर एक अज्ञात हमलावर ने हमला कर दिया, जिसमें एक अफगान अधिकारी की मौत हो गई। इसके अलावा सूत्रों ने दैश खोरसान की ओर से हमले की आशंका भी जताई है। दूसरी ओर, काबुल एयरपोर्ट पर बने हालात के लिए तालिबान ने अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है।
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार काबुल एयरपोर्ट पर अभी लगभग 20 हजार लोग निकाले जाने के इंतजार में फंसे हुए हैं। अमेरिका ने इन लोगों को निकालने के लिए वायु सेना के दर्जनों विमान रवाना किए हैं। इन विमानों के अगले 24 घंटों के अंदर काबुल के हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने की संभावना है।
अमेरिका ने वायु सेना के 33 सी-17 विमान रवाना किए हैं। हर विमान में 400 यात्री सवार हो सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि इससे काबुल एयरपोर्ट पर जुट रही भीड़ में प्रभावी कमी होने की उम्मीद है। हालांकि, अमेरिका केवल अपने व नाटो देशों के नागरिकों और ग्रीन कार्ड धारकों को एयरपोर्ट में प्रवेश की अनुमति दे रहा है।