अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि ब्लिंकेन और बिलावल भुट्टो ने जनवरी में होने वाले 'जलवायु अनुकूल पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन' के लिए अपनी पारस्परिक उम्मीदें साझा कीं और निकट समन्वय की आवश्यकता पर चर्चा की।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने मंगलवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी से बात की। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और हाल की विनाशकारी बाढ़ से पाकिस्तान के उबरने पर चर्चा की। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि विदेश मंत्री ब्लिंकेन ने पाकिस्तान के लोगों के लिए अपना निरंतर समर्थन व्यक्त किया, क्योंकि वे हाल की विनाशकारी बाढ़ से उबर रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि ब्लिंकेन और बिलावल भुट्टो ने जनवरी में होने वाले 'जलवायु अनुकूल पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन' के लिए अपनी पारस्परिक उम्मीदें साझा कीं और निकट समन्वय की आवश्यकता पर चर्चा की। जलवायु अनुकूल पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन नौ जनवरी, 2023 को जिनेवा में आयोजित किया जाएगा। प्राइस ने कहा कि विदेश मंत्री ने हाल के आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद से लड़ने में पाकिस्तान के लिए अमेरिका के दृढ़ समर्थन को रेखांकित किया।
पाकिस्तान में मानसून की असामान्य बारिश के कारण नदियों के उफान पर आने के बाद इस साल गर्मी में दशकों बाद सबसे भीषण बाढ़ आई थी। इस विनाशकारी बाढ़ से 3.3 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।