बगदादी के साथ दो बच्चे, चार महिलाएं और एक आदमी भी मारे गए
मैंकेजी ने बताया कि बगदादी के साथ, दो बच्चे, चार महिलाएं और एक आदमी भी अमेरिकी सेना की कार्रवाई में मारे गए। उन्होंने बताया कि मारी गई महिला में से एक ने सुसाइड बेल्ट बांधी हुई थी, जो हमारे लिए खतरे का सबब बन सकती थी। इसलिए हमने उसे मार गिराया।
उन्होंने आगे बताया कि जब हम कार्रवाई के लिए गए तो हमारे हेलिकॉप्टरों पर अज्ञात हमलावरों ने हमला शुरु कर दिया। जिसके जवाब में हमने उन पर हवाई हमला किया और कई आतंकियों को मार गिराया।
पेंटागन द्वारा जारी किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि जिन लोगों पर हवाई हमले किए गए वे एक दर्जन से अधिक लोग थे। मैकेंजी ने छापे में पकड़े गए दो लोगों के बारे में कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि परिसर से इलेक्ट्रॉनिक्स और दस्तावेजों की पर्याप्त मात्रा बरामद की गई थी।
2004 में लिए गए डीएनए से उसकी पहचान की गई
उन्होंने कहा कि बगदादी की पहचान उसके डीएनए के साथ तुलना के माध्यम से की गई थी, उसका यह डीएनए 2004 में एक इराकी जेल में बंदी रहने के दौरान लिया गया था। उन्होंने कहा कि बगदादी के अवशेषों को पहचान के लिए अमेरिकी बेस पर वापस भेज दिया गया था। मैकेंजी ने कहा कि इसके बाद बगदादी को उसकी मौत के 24 घंटे के भीतर समुद्र में दफन कर दिया गया।
उन्होंने उस कुत्ते के बारे में भी जानकारी दी जिसने बगदादी का पीछा करते हुए उसे खोज निकाला था। उन्होंने कहा कि इस कुत्ते के पास 50 लड़ाकू अभियानों का चार साल का अनुभव है और वह सुरंग में घायल हो गया था, लेकिन वह ठीक होकर ड्यूटी पर वापस लौट आया है।
आईएस अब भी खतरनाक
मैकेंजी ने कहा कि बगदादी की मौत के बावजूद, आईएस खतरनाक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हम इस भ्रम में नहीं हैं कि यह सिर्फ इसलिए खत्म हो जाएगा क्योंकि हमने बगदादी को मार दिया है, यह बना रह सकता है।