फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिकी कंपनी पर एक वजह से दर्ज हैं 13 हजार केस, तीसरा केस हारी तो लगा 14,385 करोड़ रु. का हर्जाना

Wed, 15 May 2019 06:15 PM IST
योगेश साहू वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
खरपतवार-नाशक राउंडअप - फोटो : social media
विज्ञापन
अमेरिका की कृषि रसायन कंपनी मोनसेंटो पर उसके खरपतवार-नाशक उत्पाद राउंडअप से कैंसर होने को लेकर करीब 13 हजार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से तीसरे मुकदमे में वह कानूनी लड़ाई हार गई है। ऑकलैंड के कैलिफोर्निया स्टेट कोर्ट ने मोनसेंटो को मुकदमा दर्ज कराने वाले अल्वा और अलबर्ट पिलोड को करीब 14,385 करोड़ रुपए (205.5 करोड़ डॉलर) हर्जाने के तौर पर चुकाने का फैसला सुनाया है। मामले में यह अब तक का सबसे अधिक हर्जाना है। 
विज्ञापन


निर्णायक मंडल (जूरी) ने कंपनी को अल्वा और अलबर्ट पिलोड में से हर एक को 7-7 हजार करोड़ रुपए बतौर हर्जाना के साथ आर्थिक और गैर-आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए 5.5 करोड़ डॉलर (करीब 385 करोड़ रुपए) अलग से अदा करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ताओं के वकीलों ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताया है।

उन्होंने कहा कि मोनसेंटो कंपनी ने पूरी सुनवाई में कभी यह बात साबित करने की कोशिश ही नहीं की कि उसके उत्पाद राउंडअप का इस्तेमाल पूरी तरह से सुरक्षित है। अमेरिका में राउंडअप से कैंसर होने की शिकायतों को लेकर लोगों ने विभिन्न अदालतों में 13,000 से ज्यादा मुकदमे दायर कर रखे हैं। 

कंपनी फैसले से निराश, अपील करेगी
मोनसेंटो कंपनी को इससे पहले ऐसे ही दो मुकदमे हारने के कारण 1110 करोड़ रुपए चुकाने पड़े हैं। पिछले साल 28 अगस्त को कोर्ट ने ड्वेन जॉनसन को 28.90 करोड़ डॉलर (करीब 2,023 करोड़ रुपए) हर्जाना देने का फैसला सुनाया था। हालांकि इसे बाद में घटाकर 7.85 करोड़ डॉलर (करीब 550 करोड़ रुपए) कर दिया था। इस साल 28 मार्च को कोर्ट ने एडविन हार्डमैन को 8 करोड़ डॉलर (560 करोड़ रुपए) का हर्जाना देने का फैसला सुनाया था। 

कंपनी पर मालिकाना हक रखने वाली जर्मन कंपनी बायर ने कहा है वह ताजा फैसले से निराश है और उच्च न्यायालय अपील करेगी। बायर के मुताबिक ताजा फैसला खरपतवार-नाशक के बारे में अमेरिकी पर्यावरण सुरक्षा एजेंसी की हालिया समीक्षा के एकदम विपरीत है। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
विज्ञापन

राउंडअप में ग्लाइफोसेट नाम का रसायन मौजूद 
खेतों से खरपतवार खत्म करने के लिए राउंडअप इस्तेमाल में लाई जाती है। इसमें मुख्य रूप से ग्लाइफोसेट नाम का रसायन होता है। विशेषज्ञ इस रसायन को कैंसर पैदा करने वाला मानते हैं। यहां तक कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर ने भी ग्लाइफोसेट को ऐसे पदार्थों की सूची में रखा है जिनसे कैंसर का खतरा होता है।

जमीन में मौजूद सूक्ष्म जीवों के लिए हानिकारक
नवदान्य संस्था के मुताबिक राउंडअप खेत में मौजूद सभी तरह के सूक्ष्म जीव-जंतु और कीटों के हानिकारक है, क्योंकि यह उन्हें पूरी तरह खत्म कर देती है। इससे वो जीव भी खत्म हो जाते हैं जो पौधों को रोगों से सुरक्षा में मददगार होते हैं। राउंडअप से पौधों में 40 से ज्यादा रोग पैदा होने के साथ उनका डीएनए तक डैमेज हो जाता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें