अमेरिका की कई बड़ी कंपनियों का मुख्यालय टेक्सस में है। उनमें अमेरिकन एयरलाइंस, डेल, और एटीएंडटी शामिल हैं। ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि उसने गर्भपात अधिकार मसले पर लगभग दर्जनभर बड़ी कंपनियों से उनकी राय जानने के लिए संपर्क किया। लेकिन उन कंपनियों ने या तो उसे जवाब ही नहीं दिया, या फिर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक कुछ छोटी कंपनियों ने जरूर इस मामले पर अपनी राय जाहिर की है।
डेडिंग एप बंबल ने कहा है कि उसने टेक्सस की महिलाओं के प्रजनन अधिकारों की रक्षा के लिए एक राहत कोष बनाया है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कंपनी ने कहा कि वह ‘प्रतिगामी कानूनों’ के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। डेटिंग एप मेकर मैच की सीईओ शार दुबे ने अपनी कंपनी के कर्मचारियों को भेजे एक मेल में कहा है- ‘मैं यह देख कर सदमे में रह गई हूं कि मैं ऐसे राज्य की निवासी हूं, जहां दुनिया का सबसे अधिक प्रतिगामी प्रजनन कानून लागू है।’
तारा हेल्थ फाउंडेशन नाम की कंपनी के वरिष्ठ कॉरपोरेट रणनीति निदेशक जेन स्टार्क ने कहा है कि ये कानून लागू होने के बाद कॉरपोरेट अमेरिका बेनकाब नजर आया है। जबकि ऐसे कानून लागू होने के कारण टेक्सस राज्य में निवेश और प्रतिभाओं को आकर्षित करना बहुत मुश्किल हो जाएगा। विश्लेषकों ने कहा है कि टेक्सस ने अपनी सामाजिक नीति को दक्षिणपंथी मोड़ दे दिया है। उसने मताधिकार को संकुचित किया है, जबकि बंदूक खरीदने संबंधी नियम ढीले कर दिए हैं। इससे राज्य के कारोबारी माहौल पर बहुत बुरा असर होगा।