फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel-Hamas War: हमास ने 24 बंधकों को किया रिहा, 13 इस्राइली समेत थाईलैंड के 10 नागरिक भी शामिल

Fri, 24 Nov 2023 08:30 PM IST
आदर्श शर्मा वर्ल्ड न्यूज, अमर उजाला, गाजा

सार

इस्राइल के साथ संघर्ष विराम समझौते के तहत आतंकी संगठन हमास ने 24 बंधक रिहा कर दिए हैं। इनमें 13 इस्राइली, थाईलैंड के 10 और एक फिलीपींस का नागरिक शामिल हैं। इनके बदले में इस्राइल ने भी 39 फलस्तीनी कैदियों को रिहा कर दिया है।
विज्ञापन
Captives handed over to Red Cross - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल-हमास के बीच हुए समझौते के तहत 24 बंधकों को शुक्रवार शाम को गाजा से रिहा किया गया, जिनमें 13 इस्राइली नागरिक हैं। इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने नागरिकों की रिहाई की पुष्टि की है। कतर के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, हमास ने गाजा में 24 बंधकों को रेड क्रॉस को सौंपा। इसके बाद उन्हें राफा क्रॉसिंग से ले जाया गया। रिहा किए गए बंधकों में 13 इस्राइली नागरिक (कुछ दोहरी नागरिकता वाले), थाईलैंड के 10 नागरिक और फिलीपींस का एक नागरिक शामिल है। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि युद्धविराम समझौते के तहत रिहा किए गए बंधकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि थाई नागरिक रेड क्रॉस के साथ पट्टी से बाहर जा रहे हैं।
विज्ञापन


इस्राइल की जेलों से 39 फलस्तीनी रिहा 
वहीं, हमास द्वारा 24 बंधकों को छोड़ने के बदले इस्राइल की जेलों से 39 फलस्तीनी महिलाओं और बच्चों को रिहा किया गया है। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस्राइली जेलों से 39 महिलाओं और बच्चों की रिहाई की पुष्टि की है। प्रवक्ता ने कहा कि यह युद्धविराम के पहले दिन के लिए बनी प्रतिबद्धताओं के अनुसार है। रिहा होने वाली फलस्तीनी महिलाओं में कुछ को इस्राइली सैनिकों पर हमलों के लिए हत्या के प्रयास में दोषी भी करार दिया गया था, जबकि किशोरों को सुरक्षाबलों पर पथराव के अपराध में गिरफ्तार किया गया था।

इससे पहले, थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने दावा किया कि गाजा में पकड़े गए 12 थाई नागरिकों को रिहा किया गया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, मुझे हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम, विदेश मंत्रालय से जानकारी मिली कि हमारे 12 थाई नागरिकों को हमास ने रिहा कर दिया है। बता दें सात अक्तूबर को हमास ने इस्राइल पर हमला किया था, जिसके बाद हमास के आतंकियों ने कई लोगों को बंधक बना लिया था। 
विज्ञापन


सहमति में और क्या-क्या शामिल है?
समझौते को लेकर हमास का दावा है कि इस्राइल दक्षिणी गाजा में हवाई उड़ानें बंद कर देगा और उन्हें उत्तरी इलाके में रोजाना छह घंटे तक ही संचालित करेगा। सहमति में यह भी निर्णय लिया गया है कि इस्राइली सेना युद्ध विराम के दौरान गाजा में सैन्य वाहन नहीं लाएगी, न ही किसी को हिरासत में लेने की कोशिश करेगी। 

इससे पहले घोषणा की गई थी कि संघर्ष विराम समझौते के तहत हमास गुरुवार को 50 इस्राइली बंधकों को रिहा करेगा। बाद में इस्राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार तजाची हानेग्बी ने एक बयान में कहा कि बंधकों की रिहाई पर चर्चा लगातार जारी है और समझौता लागू होने में शुक्रवार तक की देरी हुई। बताया गया कि हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों के बदले इस्राइली जेलों में बंद फलस्तीनी नागरिकों की रिहाई का समझौता अंतिम वक्त में लागू नहीं हो सका। इसके चलते युद्धविराम में एक दिन की देरी हुई। इस्राइली सेना के आंकड़ों के अनुसार, हमास ने गाजा में 239 लोगों को बंधक बना रखा है, जिनमें 26 देशों के विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

गाजा में 13,000 से अधिक लोग मारे गए
हमास शासित गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उसने इ्स्राइल-हमास की जंग में मारे गए फलस्तीनियों की विस्तृत जानकारी के साथ गणना करना फिर शुरू कर दिया है और मृत्यु के 13,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। मंत्रालय ने उत्तर गाजा में आवागमन व संचार बंद होने के बाद 11 नवंबर को आंकड़े जारी करना बंद कर दिया था। ताजा आंकड़े दक्षिण व उत्तर के अस्पतालों के 11 नवंबर के आंकड़ों पर आधारित हैं। वास्तविक मृतक संख्या इससे अधिक हो सकती है। यहां 6,000 अन्य लोग लापता हैं और उनके मलबे में दबे होने की आशंका है।

इस्राइली रक्षा बलों ने शिफा अस्पताल में सुरंग नष्ट की
इस्राइली रक्षा बलों ने कहा कि उसने युद्धविराम का परिचालन मूल्यांकन पूरा कर लिया है। उसने शुक्रवार सुबह शिफा अस्पताल में मिली आतंकियों की सुरंग को नष्ट कर दिया। युद्धविराम से पहले बलों ने आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए जमीन, हवा और समुद्र में काम करना जारी रखा।

60 ट्रकों से भेजी  गई राहत सामग्री
वहीं, युद्धविराम समझौते के तहत, गाजा को अत्यंत आवश्यक सहायता पहुंचाई जाने लगी है। गाजा सीमा अधिकारियों के अनुसार, मध्य सुबह तक सहायता सामग्री लेकर 60 ट्रक राफा सीमा बिंदु पर मिस्र से पार कर चुके थे। प्रवेश करने वाले ट्रकों में लगे बैनरों पर लिखा गया, ‘मानवता के लिए एक साथ’ और ‘गाजा में हमारे भाइयों के लिए’। मिस्र ने कहा कि गाजा को प्रतिदिन 1.30 लाख लीटर डीजल और चार ट्रक गैस पहुंचाई जाएगी।

दोनों पक्षों ने कहा, जल्द शुरू करेंगे जंग...
हमास ने पुष्टि की कि उसकी सेनाओं की ओर से सभी युद्धविराम के दौरान शत्रुता नहीं रखी जाएगी। हालांकि हमास के सशस्त्र विंग के प्रवक्ता अबू उबैदा ने जोर दिया कि यह एक अस्थायी युद्धविराम है। एक वीडियो संदेश में, उन्होंने इस्राइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक सहित सभी मोर्चों पर टकराव खत्म न करने का आह्वान किया। उधर इस्राइली रक्षा मंत्री ने कहा, यह एक छोटा विराम होगा, जिसके समापन पर जंग और भी बड़ी ताकत से जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें