यूक्रेन से 20 लाख लोगों ने दूसरे शहरों में ली शरण
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक यूक्रेन से पिछले दो सप्ताह में 20 लाख लोग दूसरे देशों में शरणार्थी के रूप में पहुंचे हैं। 20 लाख शरणार्थियों में एक लाख से अधिक गैर यूक्रेनी हैं।
सुमी पर 500 किलो का बम गिराया रूस ने
यूक्रेन ने आरोप लगाया कि रूस ने सोमवार की रात सुमी शहर पर 500 किलो के बम गिराए। संस्कृति मंत्रालय ने ट्वीट किया, इस बमबारी में 18 नागरिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इसमें दो बच्चे हैं।
झितोमीर, चेर्नियाखीव : तेल डिपो को बनाया निशाना
रूस ने यूक्रेनी शहर झितोमीर और चेर्नियाखीव पर मंगलवार को हवाई हमले में तेल डिपो को निशाना बनाया।
दावा : मैरियूपोल में रूस ने 3 लाख लोगों को बंधक बनाया
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कुलेबा ने आरोप लगाया कि रूस ने मैरियूपोल में 3 लाख लोगों को बंधक बना रखा है। बिना पानी एक बच्चे की मौत हो गई।
अमेरिका ने रूस से तेल आयात पर लगाया प्रतिबंध
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस से तेल और ऊर्जा आयात पर प्रतिबंध का एलान कर दिया है। यूक्रेन पर हमले के विरोध में लगाए जा रहे प्रतिबंधों की कड़ी में ये सबसे सख्त फैसला साबित हो सकता है, क्योंकि रूस की अर्थव्यवस्था बहुत हद तक तेल और गैस के निर्यात पर निर्भर है।
यूरोप की कुल तेल जरूरत के 40 फीसदी हिस्से की आपूर्ति रूस ही करता है। रूस के उपप्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने चेतावनी दी थी कि रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगा तो विनाशकारी परिणाम होंगे। आशंका जताई जा रही है कि कच्चे तेल के दाम 300 डॉलर प्रति बैरल हो सकते हैं।
रूस के एक और मेजर जनरल को मार गिराने का यूक्रेन ने किया दावा
यूक्रेन ने रूस की 41वीं आर्मी के फर्स्ट डिप्टी कमांडर मेजर जनरल विटाली गेरेसिमोव को मार गिराने का दावा किया है। यूक्रेन का दावा है कि उसने अबतक रूस के मेजर जनरल स्तर के दो अधिकारियों को मार गिराया है। रूस ने गेरेसिमोव की मौत की पुष्टि नहीं की है।
यूक्रेन का दावा : 12 हजार रूसी सैनिक मारे
यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने अबतक 12 हजार के करीब रूसी सैनिक मार गिराए हैं। वहीं, रूस ने दावा किया है उसने यूक्रेन के 2,482 सैन्य ठिकानों को नष्ट किया है। इनमें 87 लड़ाकू पोस्ट, 79 रडार स्टेशन शामिल हैं।