ब्रिटेन में शुक्रवार को कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद सर डेविड अमेस की एसेक्स में हुई हत्या की जांच में स्कॉटलैंड यार्ड इस्लामिक आतंकी कनेक्शन का पता लगा रही है। अमेस अपने क्षेत्र के कुछ नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति अचानक उनके दफ्तर में घुस आया और उन पर चाकू से कई वार किए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ब्रिटिश पुलिस ने सांसद की हत्या को आतंकवादी घटना घोषित किया है। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद सर डेविड अमेस की हत्या के मामले में इंग्लैंड के एसेक्स से गिरफ्तार सोमाली मूल के अली हार्बी अली(25) पर अब कठोर आतंकवाद अधिनियम लगाया गया है। स्कॉटलैंड यार्ड के आतंकवाद रोधी कमान अधिकारियों के पास संदिग्ध से इस अधिनियम के तहत पूछताछ करने का शुक्रवार तक का वक्त है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अली को कुछ वर्ष पहले देश की आतंकवाद रोधी, कट्टरपंथ रोधी योजना में शामिल करने की अनुशंसा की गई थी लेकिन एमआई5 सुरक्षा सेवाओं ने इस पर कोई खास ध्यान नहीं दिया। मैट्रोपॉलिटन पुलिस ने ने कहा कि घटनास्थल से गिरफ्तार कर हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया था।
ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने संसद के सदस्यों के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं की तत्काल समीक्षा करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि हत्या की घटना के बाद सांसदों को तत्काल’ सुरक्षा बदलने की पेशकश की जा रही है। उन्हें पुलिस के साथ अपना पता साझा करने को भी कहा गया है।
69 वर्षीय दिवंगत सांसद डेविड अमेस प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की पार्टी के पुराने नेता थे। अमेस पहली बार 1983 में सांसद चुने गए थे। अमेस ने पशु संरक्षण के लिए कई अभियान चलाए थे। स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने शनिवार को कहा कि उसका आतंकवाद विरोधी दस्ता जांच का नेतृत्व कर रहा है। मामले में 25 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। वह सोमालिया मूल का माना जा रहा है। उसे दक्षिण पूर्व इंग्लैंड के एसेक्स के एक पुलिस थाने में रखा गया है।
पीएम बोरिस जॉनसन व विपक्ष के नेता सर केयर स्टार्मर ने शनिवार सुबह मेथोडिस्ट चर्च जाकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। काउंटर टेरेरिज्म पुलिस के वरिष्ठ राष्ट्रीय समन्वयक डीन हैडन ने इसे आतंकी घटना घोषित किया है। मेट्रोपोलिटन पुलिस ने आरंभिक जांच में कहा कि हमला के सूत्र इस्लामिक आतंकवाद से जुड़ रहे हैं। लंदन में दो ठिकानों की जांच की जा रही है।
माना जा रहा है कि आरोपी ने अकेले ही हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने गवाहों से वीडियो फुटेज के साथ जांच में मदद का आग्रह किया है। इस बीच, ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने सांसदों की सुरक्षा की समीक्षा करने की घोषणा की है।
इससे पहले 2010 में लेबर पार्टी के सांसद स्टीफन टिम्स पर भी इसी तरह का हमला किया गया था। इसके बाद 2016 में लेबर पार्टी के जोए कॉक्स पर भी फायरिंग की गई थी।