स्कॉटलैंड में गर्मी के मौसम में भी एक दुर्लभ तूफान आने से हालात बिगड़ गए हैं। प्रशासन ने ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी हैं, पार्क बंद कर दिए हैं और लोगों को चेतावनी जारी है कि वे अपने बगीचों में रखे टेंट, फर्नीचर और अन्य सामान को मजबूती से बांध दें ताकि उनके तेज हवा में उड़ने से किसी का नुकसान न हो।
ब्रिटेन के मौसम विभाग ने स्कॉटलैंड के लिए मध्यम से गंभीर स्तर की तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इसका मतलब है कि तूफान से जान और माल को खतरा हो सकता है, खासकर तटीय इलाकों में जहां ऊंची समुद्री लहरें उठ सकती हैं। विभाग ने कहा है कि हवाओं की रफ्तार 137 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और इसके साथ तेज बारिश भी होगी।
ये भी पढ़ें:
कहां तैनात हैं अमेरिकी परमाणु पनडुब्बी? ट्रंप ने बताया; रूस पर प्रतिबंध को लेकर कही ये बात
यह तूफान ऐसे समय में आया है, जब स्कॉटलैंड में पर्यटन का सबसे व्यस्त समय चल रहा है। हजारों की संख्या में लोग एडिनबरा फ्रिंज और अन्य कला महोत्सवों में हिस्सा लेने पहुंचे हुए हैं। 'एडिनबरा मिलिट्री टैटू' शहर का बहुत मशहूर शो है, उसने सोमवार को होने वाला एक बड़ा कार्यक्रम रद्द कर दिया है। यह कार्यक्रम एडिनबरा के किले में खुली जगह पर होना था। इसमें बैगपाइप और ड्रम बजाने वाले लोग भाग लेते हैं।
स्कॉटलैंड में कई ट्रेन कंपनियों ने अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं और कुछ फेरी सेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि फ्लोरिस नामक यह तूफान उत्तरी आयरलैंड, वेल्स और उत्तरी इंग्लैंड के कुछ हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है।
ये भी पढ़ें:
जापान परमाणु हमले के 80 साल बाद भी अपनों की तलाश, निनोशिमा में अवशेष तलाश रहे लोग
स्कॉटलैंड सरकार की मंत्री एंजेला कॉन्स्टेंस ने लोगों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग इसे गर्मियों की यात्रा की बजाय 'सर्दियों की यात्रा' समझकर चलें। उन्होंने कहा, कृपया यह सुनिश्चित करें कि आपके पास गर्म कपड़े, खाना, पानी, पर्याप्त ईंधन हो और आपका मोबाइल फोन पूरी तरह चार्ज हो।
ट्रेन सेवा चलाने वाली कंपनी स्कॉटरेल ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास बगीचे में तंबू या फर्नीचर जैसे सामान हैं तो उन्हें अच्छी तरह से बांध दें, ताकि वे उड़कर रेलवे पटरियों या उपकरणों को नुकसान न पहुंचाएं।