टॉप-10 वैल्युएबल एसेट्स में बिटक्वाइन 8वें और सोना पहले नंबर पर है।
- फोटो : Social Media
दुनिया में क्रिप्टोकरेंसी का बोलबाला बढ़ता जा रहा है। आलम यह है कि बिटक्वाइन और इथेरियम जैसी वर्चुअल करेंसी अब धीरे-धीरे दुनिया की सबसे कीमती संपत्तियों की लिस्ट में जगह बनाती जा रही हैं। हालांकि, अब भी टॉप-10 वैल्युएबल एसेट्स की बात की जाए तो सोने की बादशाहत बरकरार है। 842 लाख करोड़ रुपये की वैल्युएशन के साथ सोना सबसे वैल्युएबल एसेट है। इसके बाद नंबर आता है अमेरिका की सबसे बड़ी टेक कंपनी एपल का, जिसका मार्केट कैप 179.5 लाख करोड़ आंका गया है। तीसरे नंबर पर माइक्रोसॉफ्ट है, जिसका वैल्युएशन 171.4 लाख करोड़ रुपये है।
वर्चुअल करेंसी के क्या हाल?
एसेट डैश की लिस्ट के मुताबिक, मार्केट कैपिटलाइजेशन यानी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से क्रिप्टोकरेंसी बिटक्वाइन ने अब फेसबुक को पीछे छोड़ दिया है। बिटक्वाइन का वैल्युएशन 87 लाख करोड़ रुपये आंका गया है, जबकि फेसबुक का मार्केट कैप 68.7 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है। एक और वर्चुअल करेंसी इथेरियम का वैल्युएशन 33.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इथेरियम का उभार इस वक्त चौंकाने वाली बात इसलिए है, क्यों कि जहां एक बिटक्वाइन की कीमत 46 लाख से ऊपर है, वहीं इथेरियम सिर्फ 3 लाख के पास है। यानी दोनों की कीमत में 9 गुना फर्क होने के बावजूद इथेरियम तेजी से उभरा है।
वैल्युएबल एसेट्स में और कौन सी कंपनियों के नाम
टॉप-10 वैल्युएबल एसेट्स में सऊदी अरब की कंपनी सऊदी अरामको चौथे नंबर पर है। इसकी वैल्युएशन 149 लाख करोड़ रुपये है। अगला नंबर गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट का है जिसका मार्केट कैप 141.5 लाख करोड़ रुपये आंका गया है। इसके बाद 129.4 लाख करोड़ रुपये के वैल्युएशन के साथ अमेजन का नंबर है।
मोस्ट वैल्युएबल एसेट्स में सातवें नंबर पर एक और धातु चांदी है, जिसका कुल वैल्युएशन 98.5 लाख करोड़ रुपये है। इसके बाद आता है बिटक्वाइन, जिसका वैल्युएशन 87 लाख करोड़ रुपये है। 9वें नंबर पर फेसबुक है, जिसका मार्केट कैप 68.7 लाख करोड़ रुपये है। एलन मस्क की कंपनी टेस्ला का मार्केट कैप 66.3 लाख करोड़ रुपये है और यह वॉरेन बफेट की बर्कशायर हैथवे से आगे है।