सीनेट में सॉफ्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर पैकेज को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी भी एकजुट नहीं है। उसके दो सीनेटरों- जो मेंचिन और क्रिस्टीन सिनेमा साफ कर चुके हैं कि 3.5 ट्रिलियन डॉलर जैसी बड़ी लागत वाले प्रस्ताव को अपना समर्थन नहीं देंगे। जबकि हाउस की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने कहा है कि जिस बजट प्रस्ताव के तहत सॉफ्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर पैकेज को हाउस में पेश किया है, वे उसे प्राथमिकता देंगी। यानी हार्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर पैकेज के जिस प्रस्ताव को सीनेट की मंजूरी मिली है, वे उसे सदन के पटल पर बजट प्रस्ताव के बाद रखेंगी। सॉफ्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के तहत परिवारों को वेतन के साथ अवकाश, बाल देखभाल, और हेल्थ केयर जैसी योजनाओं पर अधिक खर्च करने का इरादा जताया गया है।
एक ताजा खबर के मुताबिक सॉफ्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर पैकेज को लेकर हाउस के भीतर डेमोक्रेटिक पार्टी में मतभेद पैदा हो गए हैं। जहां एलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कॉर्तेज जैसी वामपंथी सदस्य उसके पक्ष में मुहिम चला रही हैं, वहीं कम से कम नौ उदारवादी सदस्यों ने इस पर आने वाली लागत को लेकर चिंता जताई है। उनमें से कम से कम दो ने साफ कहा है कि इतनी लागत के पैकेज के पक्ष में वे वोट नहीं डालेंगे। हाउस में डेमोक्रेटिक पार्टी के पास सिर्फ आठ सदस्यों का बहुमत है। अगर एतराज जताने वाले सभी नौ सदस्यों ने पैकेज के खिलाफ मतदान कर दिया, तो यह पास नहीं हो पाएगा।
विश्लेषकों का कहना है कि अगर बजट प्रस्ताव अपने मौजूदा रूप में पारित नहीं हो पाया, तो वह राष्ट्रपति जो बाइडन के लिए एक करारा झटका होगा। बाइडन ने अमेरिका की सूरत बदलने का वादा किया है। 3.5 ट्रिलियन डॉलर का पैकेज उनकी उसी सोच के मुताबिक तैयार किया गया है। नैंसी पेलोसी और हाउस के प्रोग्रेसिव सदस्य रो खन्ना ने रविवार को कहा- ‘इस हफ्ते बाइडन के एजेंडे के खिलाफ मतदान करना न सिर्फ राष्ट्रपति के गाल पर तमाचा होगा, बल्कि उससे उन तमाम नीतियों की राह में बाधाएं खड़ी हो जाएंगी, जिनकी वजह से हम लोगों को डेमोक्रेट कहा जाता है।’