एपीईसी नेताओं की मेजबानी करने पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि आज हमारे सामने जो चुनौतियां हैं, वो पहले से कई अलग हैं। हमारे सामने कई सवाल हैं, जिनका समाधान खोजना है।
संयुक्त राज्य अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) समूह की बैठक चल रही है। 11 से 17 नवंबर तक चलने वाली बैठक इकोनॉमिक लीडर्स रिट्रीट के साथ पूरी होगी। इसमें भाग लेने के लिए कई देशों के नेता यहां आएं हैं। इससे पहले एपीईसी का सम्मेलन इंडोनेशिया के बाली में 24 नवंबर 2022 को पूरा हुआ था।
विज्ञापन
हमारे सामने कुछ व्यस्त दिन
एपीईसी नेताओं की मेजबानी करने पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, 'हमारे सामने कुछ व्यस्त दिन हैं। आज हमारे सामने जो चुनौतियां हैं, वो पहले से कई अलग हैं। आज हमारे सामने सवाल है कि हम मौजूदा खतरों कम करते हुए दुनिया को आगे बढ़ाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता की क्षमता का उपयोग कैसे करने जा रहे हैं? क्या हम कार्बन उत्सर्जन और बदलती जलवायु को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे, जो आने वाले समय में एक बड़ा खतरा बन सकता है? क्या हम ऐसी आपूर्ति श्रृंखला बना सकते हैं, जो महामारी और प्राकृतिक आपदाओं जैसे खतरों का सामना करने के लिए अधिक लचीली और सुरक्षित हों और जो कल के लिए एक स्वच्छ अर्थव्यवस्था के लिए एक मजबूत नींव बनाए?'
चुनौतियां अलग-अलग
उन्होंने कहा कि चुनौतियां अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन उनका सामना करने के लिए हमारे सबसे मजबूत उपकरण वही हैं जो हमारे पहले एपीईसी नेताओं के लिए थे। एपीईसी का उद्देश्य संबंध, सहयोग, सामूहिक कार्रवाई करना है। यही कारण है कि हम सभी यहां हैं। बाइडन ने कहा, 'मैं उन सभी प्रगतियों को देखने के लिए उत्सुक हूं जो हम करने जा रहे हैं।'
विज्ञापन
एपीईसी की मेजबानी करना सम्मान की बात
वहीं, अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा, 'कैलिफोर्निया में एपीईसी की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात है। यह सम्मेलन हिंद-प्रशांत अमेरिकी लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है। यही कारण है कि राष्ट्रपति जो बाइडन और मैंने स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत को बढ़ावा देने के लिए अपने गठबंधनों और साझेदारियों को मजबूत किया है।'