ब्रिटेन में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में 17 वर्ष के किशोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया गया है कि किशोर ने गुरुद्वारे में इस वारदात को अंजाम दिया। केंट एंड एसेक्स अपराध निदेशालय ने किशोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, निदेशालय ने किशोर का नाम जाहिर नहीं किया है।
गुरुवार शाम को किशोर ने महिलाओं पर किया हमला
गुरुवार शाम को दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड के ग्रावेसेंड स्थित गुरु नानक साहिब गुरुद्वारे में इस वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में गुरुद्वारा के संचालकों का कहना है कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि शनिवार 13 जुलाई के दिन 17 वर्षीय किशोर के खिलाफ केंट एंड एसेक्स अपराध निदेशालय ने मामला दर्ज किया। किशोर पर शारीरिक नुकसान पहुंचाने, गैरकानूनी हिंसा, जान से मारने की धमकी और सार्वजनिक स्थान में धारदार हथियार के इस्तेमाल करने का आरोप है।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस का कहना है कि किशोर को हिरासत बढ़ाने के लिए मेडस्टोन क्राउन कोर्ट में पेश किया गया। बताया गया है कि किशोर एक सिख परिवार के साथ रहता है और किसी मानसिक समस्या से भी जूझ रहा है। मुख्य अधीक्षक एंगी चैपमैन का कहना है, ‘हम इस घटना को लेकर लोगों की चिंताओं को समझते हैं। इस मामले में हमारी जांच जारी रहेगी और हम स्थानीय लोगों को जांच में सहयोग देने के लिए शुक्रिया अदा करते हैं।’ पुलिस का कहना है कि गुरुद्वारा के भीतर इस विवाद की शुरुआत हुई थी और इसके थोड़ी देर बाद बाहर इस घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने आगे बताया कि इसके बाद स्थानीय किशोर को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, इस हमले में किसी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से धारदार हथियार भी बरामद किया है।
लेबर पार्टी के सिख सांसद ने जताई चिंता
लेबर पार्टी के सिख सांसद तन ढेसी ने कहा कि गुरुद्वारे में हुए इस हमले से वे बेहद चिंतित हैं। उन्होंने कहा,‘गुरुद्वारे में मैंने भी कई बार प्रार्थना की। सरकार को सिखों पर हो रहे ऐसे अपराधों पर रोक लगानी चाहिए। गुरुद्वारा प्रार्थना के लिए बनाया गया शांतिपूर्ण स्थल है।’ गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का कहना है कि आरोपी की हरकतें देखने के बाद सुरक्षा दल ने तत्काल पुलिस को इस बारे में जानकारी दी थी। गुरुद्वारे की तरफ से एक बयान जारी किया गया है। बयान में बताया गया है,‘ हत्या की कोशिश के आरोप में एक किशोर को केंट पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि घटना के वक्त गुरुद्वारा में गुरु ग्रंथ साहिब जी मौजूद नहीं थे।’