तालिबान ने अमेरिका को दी घुसपौठ रोकने की चेतावनी ।
- फोटो : social media
तालिबान ने अमेरिका को अफगानिस्तान के वायुक्षेत्र में अमेरिकी ड्रोनों के घुसपैठ को लेकर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने यह चेतावनी अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल के माध्यम से जारी की है।
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा - अमेरिका ने इन ड्रोनों को अफगान सीमा में घुसपैठ करवा कर अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के साथ-साथ तालिबान से कतर के दोहा में किए गए समझौतों का भी उल्लंघन किया है। ऐसे कदम हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। हम सभी देशों से अनुरोध करते हैं विशेष कर के अमेरिका से कि नकारात्मक परिणामों से बचने के लिए वो अपनी जिम्मेदारियों को समझें। सभी देश अफगानिस्तान के अधिकारों, कानूनों और अंतर्राष्ट्रीय समझौतों का सम्मान करें ।
अमेरिका ने इस चेतावनी पर तत्काल कोई भी जवाब नहीं दिया है, लेकिन अफगानिस्तान की जमीन पर अलकायदा और आईसआईएल (आईएसआईस) के ताकतवर होने पर अपनी चिंता जाहिर की है। अमेरिका ने कहा है कि अफ़गानिस्तान में इन आतंकी समूहों के खिलाफ़ वह अपनी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करेगा। अमेरिका ने तर्क दिया कि जब किसी देश की सरकार अपने यहां पनप रहे आतंकी खतरों को रोक पाने में सक्षम न हो तो ऐसी कार्रवाई जायज़ है।
इससे पहले भी अमेरिका ने अफगानिस्तान के जलालाबाद में इस्लामिक स्टेट- खोरासान (आईसकेपी)के आतंकियों पर ड्रोन हमला किया था। इसी आतंकी समूह ने 26 अगस्त को काबुल एयरपोर्ट पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस आतंकी हमले में अमेरिका के 13 सैनिक मारे गए थे।