इंथोपियन एयरलाइन के ब्लैक बॉक्स का डाटा बीते हफ्ते डिटोड हुआ था। इस डाटा से पता चल रहा है कि इथोपियन विमान हादसे और बीते साल अक्तूबर में हुए लायन एयर विमान हादसे के बीच स्पष्ट समानताएं हैं। दोनों दुर्घटनाग्रस्त विमान बोइंग के 737 मैक्स 8 मॉडल थे। इस बात की जानकारी इथोपिया की यातायात मंत्री ने शनिवार को दी है।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए अधिक जानकारी नहीं दी। उन्होंने केवल इतना कहा कि 30 दिनों में जारी होने वाली प्रारंभिक रिपोर्ट में दोनों विमान हादसों की समानताओं की भी जांच की जाएगी।
ये बयान इथोपियन विमान हादसे के करीब एक हफ्ते बाद आया है। इथोपियन एयरलाइंस का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान राजधानी अदीस अबाबा से नैरोबी के लिए उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 157 लोगों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद से ही दुनियाभर के देशों ने अपने यहां बोइंग की सेवाओं पर रोक लगा दी। पहले अमेरिकी संघीय विमानन प्रसासन (एफएए) और बोइंग विमान को सुरक्षित बता रहे थे लेकिन बाद में अमेरिका में भी इसकी सेवाओं पर रोक लगा दी गई।
इन हादसों ने विमानन अधिकारियों और एयरलाइंस को दोनों घटनाओं के बीच समानताओं पर सोचने को मजबूर कर दिया। लॉयन एयर का बोइंग विमान भी उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 189 लोगों की मौत हो गई थी।
इन दोनों हादसों में काफी समानताएं देखी गईं। दोनों ही विमान उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों ही मामलों में उड़ान भरने के बाद पायलट ने एयरपोर्ट पर लौटने का आग्रह किया। पायलटों ने विमान के नियंत्रण को लेकर समस्या आने की बात कही। यहां तक कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। इन समानताओं ने एयरलाइंस और नियामकों को सतर्क कर दिया।