फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Russia Ukraine Crisis : रूसी सेना के शिविर पर 'आतंकवादी' हमला, 11 की मौत और 15 घायल

Sun, 16 Oct 2022 02:04 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, कीव/अस्ताना।

सार

Russia Ukraine Crisis : नाटो ने कीव तथा अन्य क्षेत्रों में रूसी बमबारी के बीच यूक्रेन को हथियार व हवाई रक्षा प्रणालियां मुहैया कराने का संकल्प लिया है। अधिकारियों ने बताया, अमेरिका के सैन्य पैकेज में कोई प्रमुख नया हथियार शामिल नहीं है।
विज्ञापन
रूस-यूक्रेन युद्ध - फोटो : Twitter/UkraineWorld
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Russia Ukraine Crisis : यूक्रेन-रूस के बीच हालात सामान्य होते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक शनिवार को रूसी सैन्य शिविर पर 'आतंकवादी' हमले की सूचना मिली है। इस हमले में 11 की मौत होने की खबर है। इधर, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने एक दिन पहले ही चेतावनी दी है कि उनके देश की सेना के साथ नाटो सैनिकों की टकराहट से वैश्विक तबाही होगी।

विज्ञापन


रूस के रक्षा मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई है कि 2 हमलावरों ने यूक्रेन के पास सैन्य फायरिंग रेंज पर गोलियां चलाईं। इसमें 11 की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान सेना की जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावर ढेर हो गए। इन दोनों हमलावरों को स्वयंसेवी सैनिक बताया जा रहा है, जो किसी अज्ञात पूर्व सोवियत राष्ट्र से ताल्लुक रखते थे। 

रूस-नाटो की सैन्य टक्कर में होगी 'वैश्विक तबाही' : पुतिन
रूस के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि उनके देश की सेना के साथ नाटो सैनिकों की टकराहट से वैश्विक तबाही होगी। कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना में एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा, रूसी सेना के साथ सीधे संपर्क या सैनिकों से नाटो का सीधा टकराव बेहद खतरनाक कदम होगा।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि वैश्विक तबाही का कारण बनने वाले ऐसे कदम किसी का भी भला नहीं करने वाले। पुतिन बोले, मुझे उम्मीद है कि जो लोग यह कहते हैं, काफी समझदार है कि ऐसा कदम नहीं उठाएंगे। इससे पहले, रूसी राष्ट्रपति ने पिछले माह यूक्रेन के चार क्षेत्रों पर कब्जा करने के बाद रूस के क्षेत्र की रक्षा के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की धमकी दी थी।

इसकी संयुक्त राष्ट्र ने इस सप्ताह निंदा भी की। राष्ट्रपति पुतिन की यह चेतावनी तब आई है जब एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि यूक्रेन में उनका लक्ष्य पूरा हो चुका है और अब यहां नए बड़े हमले की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था कि हम यूक्रेन को बर्बाद करना नहीं चाहते हैं। उधर, नाटो ने रूस के आगामी परमाणु अभ्यास पर नजर बनाते हुए कहा है कि वह भी गलत कदम उठाने पर प्रतिक्रिया देगा।

रूस ने असैन्य क्षेत्रों को बनाया निशाना
रूस ने कामीकेज ड्रोन और मिसाइलों के जरिये कीव के आसपास अपने हमले तेज कर दिए हैं। उसने असैन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया है, जिसमें एक अस्पताल, एक किंडरगार्टन और निकोपोल शहर की विभिन्न रिहायशी इमारतें शामिल हैं।

विज्ञापन

यूक्रेन को 72.5 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य मदद भेज रहा अमेरिका
व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडन का प्रशासन यूक्रेन को 72.5 करोड़ डॉलर के अतिरिक्त हथियार और अन्य सैन्य सहायता प्रदान करेगा। यह घोषणा नाटो की बैठकों के बाद की गई। नाटो ने कीव तथा अन्य क्षेत्रों में रूसी बमबारी के बीच यूक्रेन को हथियार व हवाई रक्षा प्रणालियां मुहैया कराने का संकल्प लिया है। अधिकारियों ने बताया, अमेरिका के सैन्य पैकेज में कोई प्रमुख नया हथियार शामिल नहीं है। अमेरिकी मदद का मकसद उन हथियार प्रणालियों के लिए गोला-बारूद का पुन: भंडारण में मदद देना है, जिनका यूक्रेन ने रूस के खिलाफ सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया है।

रॉकेट प्रणाली के लिए देगा गोले-बारूद
अमेरिका के नए पैकेज में ‘हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम्स’ (एचआईएमएआरएस) के लिए गोले-बारूद देना शामिल है। यह एक अहम हथियार है, जिसने डिपो, पुलों और अन्य अहम ठिकानों पर हमला करने की यूक्रेन की क्षमता में सुधार किया है। पेंटागन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन को अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियों की तत्काल आवश्यकता है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें