दक्षिण कोलंबिया में नदी पार करने के दौरान एक नाव डूबने से कम से कम नौ छात्रों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया, नोम पेन्ह के दक्षिण-पूर्व में मेकांग नदी पार करने के दौरान हुए इस हादसे के बाद दो छात्रों और दो नौका चालकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो छात्र अब भी लापता हैं। नौका में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे और किसी के पास लाइफ जैकेट नहीं थी। नदी के एक टापू पर रहने वाले 12 से 14 साल के ये छात्र बरसात के दिनों में बाकी ग्रामीणों की तरह ही परिवहन के लिए नाव का उपयोग करते हैं।
कैंप पर छापे में इस्राइली सेना ने दो फलस्तीनी मार गिराए
कब्जे वाले पश्चिमी किनारे के जेनिन शरणार्थी कैंप पर छापे के दौरान हुए संघर्ष में इस्राइली सेना ने शुक्रवार को दो फलस्तीनी मार गिराए। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने उनकी पहचान का खुलासा किए बिना यह जानकारी दी।
फलस्तीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी वफा ने बताया कि इस्राइल की दर्जनों बख्तरबंद गाड़ियों ने कैंप पर छापा मारा था। इन मौतों के खिलाफ सरकारी अस्पताल के बाहर फलस्तीनियों ने हिंसक प्रदर्शन किया। ज्यादा विवरण दिए बिना इस्राइली सेना ने पुष्टि की कि उसने जेनिन के शरणार्थी कैंप पर छापा मारा।
कुछ दिन पहले फलस्तीनियों के हमले में 19 लोगों की मौत के बाद से इस्राइल शरणार्थी शिविरों पर छापे मारकर गिरफ्तारी अभियान चलाता रहा है। इस्राइल का कहना है कि उसके इसका मकसद आतंकी ढांचे को नष्ट करना और भविष्य के हमलों को रोकना है। फलस्तीनी सुरक्षा बलों की नाकामी के कारण उसे यह अभियान चलाना पड़ रहा है।
इस्राइल के राष्ट्रीय अधिवेशन में जुटे हजारों भारतीय-यहूदी
चार प्रमुख समुदायों से जुड़े भारतीय मूल के हजारों यहूदी छठे राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए उत्तरी इस्राइल के पेटा टिकवा शहर में एकत्रित हुए। इस दौरान भोजन, संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, योग कार्यशाला के साथ कई सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
अधिवेशन को लेकर समुदाय में ऐसा उत्साह था कि आयोजन की घोषणा के कुछ ही दिनों में पंजीकरण की आवंटित संख्या पूरी हो गई। कार्यक्रम का आयोजन इस्राइल में भारतीय दूतावास व पेटा टिकवा की नगर पालिका के सहयोग से हो रहा है। पेटा टिकवा के मेयर रामी ग्रीनबर्ग ने कहा, भारतीय-यहूदियों ने हर संभव तरीके से देश के विकास में योगदान दिया है। भारतीय दूतावास के प्रभारी राजदूत राजीव बोडवाडे ने अधिवेशन को समृद्ध विविधता के रूप में वर्णित किया।
मुंबई : अंधेरी पूर्व सीट पर ठाकरे गुट से
मुंबई पश्चिमी उपनगर के अंधेरी पूर्व सीट पर उपचुनाव के लिए उद्धव ठाकरे गुट से ऋतुजा लटके और शिंदे गुट व भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में मुरजी पटेल ने नामांकन दाखिल किया। शुक्रवार को नामांकन से पहले दोनों तरफ से जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस सीट पर तीन नवंबर को मतदान होगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कर्मचारी रही ऋतुजा के पति रमेश लटके के निधन से अंधेरी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीएमसी ने हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शुक्रवार सुबह ही ऋतुजा का इस्तीफा मंजूर किया। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भी मुरजी पटेल ने इस सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन तब रमेश लटके भाजपा-शिवसेना के संयुक्त उम्मीदवार थे। उन्होंने पटेल को करीब 21 हजार मतों के अंतर से पराजित किया था।
अमेरिका में गोलीबारी के बाद बाइडन ने कहा- बस बहुत हुआ
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को उत्तरी कैरोलिना के रैले में हाल ही में हुई बंदूक हिंसा पर अपनी पीड़ा व्यक्त की, जिसमें पांच लोग मारे गए और दो घायल हो गए। बाइडन ने एक बयान में कहा कि बस बहुत हो गया। हमने बहुत से परिवारों के साथ शोक और प्रार्थना की है, जिन्हें इन सामूहिक गोलीबारी का भयानक बोझ उठाना पड़ा है। अमेरिका में हुई ताजा सामूहिक गोलीबारी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि बंदूक की हिंसा इतनी होती है कि कई हत्याएं अब खबर भी नहीं बनतीं।