यूक्रेन को 72.5 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य मदद भेज रहा अमेरिका
व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडन का प्रशासन यूक्रेन को 72.5 करोड़ डॉलर के अतिरिक्त हथियार और अन्य सैन्य सहायता प्रदान करेगा। यह घोषणा नाटो की बैठकों के बाद की गई। नाटो ने कीव तथा अन्य क्षेत्रों में रूसी बमबारी के बीच यूक्रेन को हथियार व हवाई रक्षा प्रणालियां मुहैया कराने का संकल्प लिया है। अधिकारियों ने बताया, अमेरिका के सैन्य पैकेज में कोई प्रमुख नया हथियार शामिल नहीं है। अमेरिकी मदद का मकसद उन हथियार प्रणालियों के लिए गोला-बारूद का पुन: भंडारण में मदद देना है, जिनका यूक्रेन ने रूस के खिलाफ सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया है।
रॉकेट प्रणाली के लिए देगा गोले-बारूद
अमेरिका के नए पैकेज में ‘हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम्स’ (एचआईएमएआरएस) के लिए गोले-बारूद देना शामिल है। यह एक अहम हथियार है, जिसने डिपो, पुलों और अन्य अहम ठिकानों पर हमला करने की यूक्रेन की क्षमता में सुधार किया है। पेंटागन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन को अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियों की तत्काल आवश्यकता है।