रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि यूक्रेन की सेना ने कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ की है। इस वजह से एक लाख से अधिक लोगों को वहां से भागना पड़ा है। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन की इस हरकत की वजह से रूस को शर्मसार होना पड़ा है।
रूस और यूक्रेन के बीच तनातनी जारी है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन की सेना ने कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ की है। इस वजह से एक लाख से अधिक लोगों को वहां से भागना पड़ा है। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन की इस हरकत की वजह से रूस को शर्मसार होना पड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि यह, डोनबास क्षेत्र में रूस के हमले को रोकने की यूक्रेन की कोशिश है। रूसी सुरक्षा बलों द्वारा बीते एक सप्ताह से यूक्रेन के हमलों का जवाब दिया जा रहा है। इस बीच पुतिन ने इस बात पर जोर दिया है कि रूस की सेना हर हाल में जीत हासिल करेगी।
पुतिन ने सेना के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की
राष्ट्रपति पुतिन ने इस बीच सेना और सुरक्षा से जुड़े उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पुतिन ने कहा कि भविष्य में होने वाली शांति वार्ताओं और युद्धविराम वार्ताओं से पहले यूक्रेन एक बेहतर बातचीत की स्थिति हासिल करने की कोशिश कर रहा है। पुतिन ने तर्क दिया कि यूक्रेन भले ही इस हमले से रूस में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहा हो लेकिन, वह अपने लक्ष्य को हासिल नही कर सकता। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन के हमले की वजह से रूसी सेना में शामिल होने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। पुतिन ने कहा, कुर्स्क क्षेत्र में रूसी सेना यूक्रेन के हमलों का जवाब दे रही है।