रूस के मॉस्को में एक कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार देर शाम को हुए हमले में मृतकों का आंकड़ा 143 हो गया है। वहीं करीब 150 लोग घायल हैं। आतंकियों ने यहां मासूम लोगों को निशाना बनाते हुए हॉल में धमाका किया और जमकर गोलियां बरसाईं। इस घटना के बाद मॉस्को में हाई अलर्ट जारी करते हुए रूस की सुरक्षा एजेंसी और पुलिस ने मिलकर अभियान चलाया। अब तक इस घटना पर 11 संदिग्ध गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें से चार वह बंदूकधारी हैं, जो हमले में सीधे तौर पर शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, इन लोगों को पुलिस ने कार से पीछा करने के बाद दबोचा।
रूसी सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, हमलावरों के यूक्रेन में संपर्क थे और वह बॉर्डर की तरफ भाग रहे थे। हालांकि, रूस-यूक्रेन बॉर्डर तक पहुंचने से पहले ही उन्हें ब्रायन्स्क प्रांत में पकड़ लिया गया। रूसी एजेंसी फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने कहा कि इस मामले में जांच जारी है। वहीं, रूस के इन आरोपों पर यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ने कहा कि इस घटना से उनका कोई भी लेना-देना नहीं है।
घटना पर रूस के सुरक्षा परिषद के सचिव निकोलाई पातृशेव ने कहा कि आईएस-खोरासान का रूस पर यह हमला देश पर आए नए गंभीर खतरे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने भी यह हमला किया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सुरक्षा बलों की वर्दी में कॉन्सर्ट हॉल में घुसे बंदूकधारी
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों की वर्दी में कम से कम तीन बंदूकधारी कॉन्सर्ट हॉल में घुस आए और अंदर पर मौजूद लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जिससे कई मौतें हुई हैं और कई लोग घायल हुए हैं। रूसी समाचार एजेंसी तास ने बताया कि हमले के बाद इमारत में विस्फोट और आग लग गई।
हमले की आशंका को देखते हुए अमेरिका ने जारी की थी एडवाइजरी
आतंकी हमले के बाद मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर ने कहा कि क्रोकस सिटी हॉल की ओर जा रहे हैं। हमलावरों से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को में अमेरिकी दूतावास ने कुछ दिनों पहले ही एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें अमेरिकी नागरिकों से मॉस्को में सामूहिक समारोहों से बचने के लिए कहा गया था। इसके बाद रूस में यह हमला हुआ। अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में कहा था कि दूतावास उन रिपोर्ट्स की जांच कर रहा है कि चरमपंथियों के पास मॉस्को में संगीत समारोहों सहित बड़ी सभाओं को निशाना बनाने की योजना है। इसलिए अमेरिकी नागरिकों को अगले 48 घंटों में बड़ी सभाओं से बचने की सलाह दी जाती है।
व्हाइट हाउस का यूक्रेन के गोलीबारी में शामिल होने से इनकार
मॉस्को में हमले पर व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी जॉन किर्बी ने कहा कि फिलहाल इस बात का कोई संकेत नहीं है कि यूक्रेन या यूक्रेनी लोग गोलीबारी में शामिल हैं। हम हमले पर नजर रख रहे हैं, लेकिन मैं अभी यूक्रेन से किसी भी तरह के संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकता हूं।
अमेरिका ने जताई संवेदनाएं
अमेरिका ने रूस में हुए आतंकी हमले की निंदा की है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन पियरे का कहना है कि हम मृतकों के परिजनों और घायलों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। आईएसआईएस एक आतंकवादी संगठन है, जिसे हर जगह हराया जाना चाहिए।