यदि आपका बच्चा बीमार है और स्कूल नहीं जा पा रहा है तो उसकी जगह वह रोबोट को स्कूल भेजकर पढ़ाई कर सकता है। दिव्यांग या ऐसे छात्र जो लंबी बीमारी के चलते स्कूल नहीं जा सकते हैं उनके के लिए यह काफी कारगर साबित हो सकता है। जापान में एक स्कूल ने ऐसे पायलट प्रोग्राम की शुरूआत की है।
यह एक छोटे आकार का रोबोट है, जिसे काउंटर टॉप या डेस्क पर रखा जा सकता है। इसमें दो हाथ जैसे फ्लैप हैं और इसके सिर में एक कैमरा लगा है, जिसे टचस्क्रीन टैबलेट द्वारा कहीं भी दूर से नियंत्रित किया जा सकता है। ‘ओरी हाइम’ में लगे माइक और स्पीकर के जरिए दूर बैठे बच्चे अपने शिक्षकों से बात करने में भी सक्षम होंगे।
रोबोट बनाने वाली कंपनी के सीईओ केंटारो योशिफुजी ने बताया कि 10-14 साल की उम्र में बीमारी के चलते वह खुद स्कूल नहीं जा पाए थे। उन्होंने इस परिस्थिति से जूझ रहे लोगों की मदद करने के लिए रोबोट का इस्तेमाल करने के लिए शोध करना शुरू किया और सफलता पाई। जापान के कई स्कूल इस पर अब विचार कर रहे हैं।